किसानों और महिला समूह की महिलाओं ने राज्यपाल से की मुलाकात, किसानों ने जैविक चावल और महिलाओं ने टॉवेल-नेपकिन किया भेंट


Ro. No.: 13171/10
सीजीटाइम्स। 05 दिसंबर 2018
दंतेवाड़ा। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने दंतेवाड़ा हेलीपेड में जिले के जैविक खेती करने वाले किसानों से मुलाकात कर उनकी खेती-किसानी और जैविक उत्पाद के बारे में पूछा। वहीं शक्ति गारमेंट में कपड़ा सिलाई करने वाले महिला समूह की महिलाओं से रूबरू होकर उनके काम के बारे में जानकारी ली। इस मौके पर जैविक खेती करने वाले भूमगादी कृषक संगठन के किसान हीरानार निवासी लुदरू नाग,बालूद के शंभूनाथ सेठिया और मैलावाड़ा निवासी सुंदरलाल ने राज्यपाल श्रीमती पटेल को जैविक चावल भेंट किया।
किसानों ने राज्यपाल को बताया कि उनके जैविक उत्पाद गुजरात की राजधानी अहमदाबाद स्थित असल, कल्पवृक्ष और आर्य संस्कृति नामक प्रतिष्ठान से भी विक्रय किया जा रहा है। इससे खुश होकर राज्यपाल ने किसानों को बड़ौदा के प्रतिष्ठान में भी जैविक उत्पाद उपलब्ध कराये जाने की समझाईश दी। इस मौके पर शक्ति गारमेंट की खुशबू ठाकुर, मीना मौर्य और मीनाक्षी ठाकुर ने स्वंय द्वारा तैयार टॉबेल और नेपकिन राज्यपाल श्रीमती पटेल को भेंट किया। इन महिलाओं ने राज्यपाल को बताया कि शक्ति गारमेंट में देश की प्रतिष्ठित कंपनियों के कपड़े तैयार कर उनके समूह की प्रत्येक महिलायें हर महीने करीब 8 हजार रूपये आय अर्जित कर रहे हैं।
इस दौरान कमिश्नर बस्तर संभाग धनंजय देवांगन,पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज विवेकानंद सिन्हा, प्रभारी कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत जगदीश सोनकर, पुलिस अधीक्षक डॉ अभिषेक पल्लव, अपर कलेक्टर दिलीप अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक जीएन बघेल सहित जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।