नेतृत्व की सादगी : कार्यकर्ता की दुकान पर चाय संग छलका भाजपा का अपनापन, चाय संग संवाद करते दिखे प्रदेशाध्यक्ष किरण देव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और सांसद महेश कश्यप

जनता के बीच नेताओं का स्नेह : प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और सांसद महेश कश्यप ने एक भाजपा कार्यकर्ता की दुकान पर चाय पर चर्चा की
छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने एक बार फिर जनता और कार्यकर्ताओं से अपने सीधे जुड़ाव का परिचय दिया। आज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और बस्तर सांसद महेश कश्यप ने जगदलपुर शहर के पुराना बस स्टैंड, एसबीआई चौक स्थित एक भाजपा कार्यकर्ता की दुकान पर पहुँचकर न केवल उनका कुशलक्षेम पूछा, बल्कि सादगी और अपनत्व का अद्भुत उदाहरण भी प्रस्तुत किया।
दुकान के बाहर साधारण कुर्सियों पर बैठकर इन वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ चाय की चुस्कियों के बीच हल्की-फुल्की चर्चा की। बिना किसी औपचारिकता और दिखावे के, आत्मीय माहौल में हुई बातचीत ने स्थानीय कार्यकर्ताओं में नए उत्साह का संचार किया। इस आत्मीय पहल से कार्यकर्ताओं के मनोबल को गहरी मजबूती मिली है और संगठन में जमीनी स्तर पर आपसी विश्वास और अपनत्व की भावना और मजबूत हुई है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने इस अवसर पर कार्यकर्ताओं के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व हमेशा आपके साथ है और रहेगा। आपकी छोटी-छोटी खुशियों में शामिल होना हमारे लिए गर्व की बात है।
उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने भी कहा कि हमारी ताकत हमारे देवतुल्य कार्यकर्ता हैं। उनकी मेहनत और संघर्ष से ही भारतीय जनता पार्टी का आधार मजबूत होता है।
बस्तर सांसद महेश कश्यप ने भी कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना तथा सभी को भरोसा दिलाया कि संगठन परिवार की तरह हर सदस्य के सुख-दुख में साथ खड़ा रहेगा।
यह दृश्य यह साबित करता है कि भाजपा का नेतृत्व जमीन से जुड़ा हुआ है और कार्यकर्ता ही पार्टी की असली धरोहर हैं। ऐसे सहज और सजीव पल भारतीय राजनीति में सकारात्मक बदलाव की मिसाल पेश करते हैं।