लोकसभा चुनाव के लिए कमर कसकर तैयार, मोदी नये भारत की भावनाओं की अभिव्यक्ति – भाजपा

सीजीटाइम्स। 03 फरवरी 2019

रायुपर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अपनी रणनीतिक तैयारियों में जुट गई है। रविवार को यहां प्रदेश भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की संपन्न बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के आगामी 15 फरवरी के रायपुर दौरे की तैयारियों के अलावा संकल्प पत्र रथयात्रा और आजीवन सहयोग निधि के संबंध में विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय उपस्थित थे।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इस देश का मान बढ़ाया है। आमजनों के साथ देश की मोदी-सरकार है और इसका ताजा उदाहरण एक फरवरी को संसद में पेश अंतरिम बजट है जो जन भावनाओं की अभिव्यक्ति है। सर्वसमावेशी व सर्वस्पर्शी बजट प्रस्तुत कर श्री मोदी ने न केवल लोक कल्याण की मजबूत नींव रखी है अपितु नए भारत की आशा को साकार करने का अटल इरादा व्यक्त किया है। श्री मोदी का यह कार्यकाल सबका साथ-सबका विकास मूलमंत्र की जीवंत मिसाल है।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं से नमो एप के माध्यम से अधिकाधिक संख्या में आजीवन सहयोग निधि में उत्साहपूर्वक योगदान देने की अपील की। इसी प्रकार आगामी 15 फरवरी को प्रस्तावित भाजपा अध्यक्ष श्री शाह के कार्यक्रम को सफल बनाने की दृष्टि से जरूरी तैयारियों पर जोर दिया। डॉ. सिंह ने लोकसभा चुनाव संकल्प पत्र के लिए आहूत रथयात्रा को भी सार्थक बनाने पर बल दिया। इन रथों में सुझाव पेटी में सभी के सुझाव संकलित किए जाएंगे जो चुनाव की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

प्रदेश संगठन महामंत्री साय ने लोकसभा चुनाव की दृष्टि से पार्टी के घोषित कार्यक्रमों की रूपरेखा विस्तार से बताई। उन्होंने इन कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन पर बल दिया और बाद में जिला अध्यक्षों की बैठक लेकर जिला, मंडल और बूथ स्तर तक बैठक की योजना तय की। प्रदेश के पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने संकल्प रथयात्रा की योजना पर प्रकाश डालकर बताया कि इसके लिए कल 04 फरवरी को तीन रथों को भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता हरी झंडी दिखाकर बस्तर, सरगुजा और रायपुर संभाग के विभिन्न स्थानों के लिए रवाना करेंगे। इसी दौरान श्री दीपक म्हस्के ने नमो एप के बारे में विस्तार से बताया।
बैठक में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा-प्रकोष्ठ पदाधिकारी, सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री, महापौर और भाजपा जिलाध्यक्ष उपस्थित थे।

Dinesh KG
सिर्फ खबरें लगाना हमारा मक़सद नहीं, कोशिश रहती है कि पाठकों के सरोकार की खबरें न छूटें..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!