भाजपा के स्थापना दिवस पर प्रदेशाध्यक्ष किरण देव ने अपने निवास पर ध्वज लगाकर दी शुभकामनाएँ, पार्टी को समर्पण और सेवा का प्रतीक बताया

कार्यकर्ताओं से अपने-अपने निवास पर भारतीय जनता पार्टी का ध्वज लगाने की अपील की
जगदलपुर। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर आज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री किरण देव ने अपने निवास स्थान पर पार्टी ध्वज लगाकर संगठन के प्रति अपनी अटूट निष्ठा और समर्पण का परिचय दिया। ध्वज लगाने के बाद उन्होंने समस्त भाजपा के वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं। साथ ही कार्यकर्ताओं से अपने-अपने निवास पर भारतीय जनता पार्टी का ध्वज लगाने की अपील की।

इस अवसर पर श्री किरण देव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा है, जो सेवा, संगठन और राष्ट्रहित के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ समाज सेवा में लगे रहें।
प्रदेशाध्यक्ष ने यह भी कहा कि भाजपा का इतिहास त्याग, तपस्या और संघर्ष से भरा हुआ है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और करोड़ों कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों से आज भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित हो रहा है और इसमें भाजपा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।