सेवा ही संगठन का संकल्प लेकर हारम चौक में कार्यकर्ताओं ने मनाया भाजपा स्थापना दिवस

गीदम। दंतेवाड़ा-बीजापुर मार्ग स्थित ग्राम हारम चौक में भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी भाग लेकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके पश्चात पार्टी के इतिहास, विचारधारा और राष्ट्र निर्माण में भाजपा की भूमिका पर प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर दीपक बाजपेई और अनिल जॉर्ज ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधनों में भाजपा के गौरवशाली इतिहास, विकासोन्मुख नीतियों और संगठनात्मक मजबूती पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य किया है और आगे भी यही लक्ष्य रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे विरेश मिश्रा ने कार्यकर्ताओं से “सेवा ही संगठन” के मूल मंत्र को आत्मसात करने का आह्वान करते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना ही हमारा संकल्प है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता राकेश कुशवाह, पुतान सिंह, श्याम सिंह, ममता गुप्ता, ओम सोनी, विशाल जैन, नगर पालिका उपाध्यक्ष माधुरी गुप्ता, पार्षद विनोद साहू, अवधेश गुप्ता, रुद्र ताती, संतोष साहू, उद्देश्वरी देवांगन, राजेन्द्र सिंह ठाकुर, अनीश जॉर्ज, हरमिंदर सिंह, गोविन्दा राव, सुमित, कृष्णा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय और वंदे मातरम के गगनभेदी नारों के बीच मिठाइयों के वितरण के साथ हुआ।