आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन मामले में गिरफ्तार भाजपा कार्यकर्ताओं को न्यायालय से मिली जमानत, युवा मोर्चा द्वारा प्रदेश के आपदा व राजस्व मंत्री का किया था पुतला दहन, सरकार का आपरेशन बदलापुर – भाजपा

Ro. No. :- 13171/10

सीजीटाइम्स। 14 मार्च 2019

जगदलपुर। प्रदेश के राजस्व मंत्री “जयसिंह अग्रवाल” द्वारा आदिवासी सांसद व प्रदेशाध्यक्ष “विक्रम उसेंडी” के उपनाम को लेकर विवादित बयानबाजी के बाद बुधवार को ‘भारतीय जनता युवा मोर्चा’ के कार्यकर्ताओं ने राजस्व मंत्री का पुतला दहन शहर के मध्य स्थित कोर्ट चौक में किया था। जिसके पश्चात पुलिस प्रशासन ने मामले को आचार संहिता के चलते गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्यवाई करते हुए 8-धाराओं के तहत् आपराधिक मामला बोधघाट थाने में दर्ज किया था। जिसके बाद गुरुवार की सुबह से ही पुलिस के शीर्ष अधिकारियों के आदेश पर सभी नामजद आरोपियों की गिरफ़्तारी की प्रक्रिया शुरू की गयी।

वहीं भाजपा का कहना है कि प्रदेश मे कांग्रेस की सरकार बनते ही शुरू हुआ सरकारी दमनचक्र बदस्तूर जारी है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेण्डी जी के विरुद्ध जातिगत अमर्यादित बयानबाज़ी करने वाले राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल का पुतला दहन कर अपना विरोध प्रकट करने मात्र पर मुख्यमंत्री के इशारे पर भाजपा जिलाध्यक्ष बैदूराम कश्यप, नगर अध्यक्ष राजेन्द्र बाजपेयी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष रजनीश पाणीग्राही, संग्राम सिंह राणा, राकेश तिवारी, नरसिंह राव सहित 25 से ज्यादा पदाधिकारियों एवं अन्य के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण बना दिया गया।

वहीं भाजपा का आरोप है कि सरकारी दबाव के चलते पुलिस विभाग का अमला सुबह से भाजपा नेताओं को गिरफ्तार करने मे लगा रहा। प्रदेश सरकार के मंत्रियों के दबाव में भाजपा नेताओं पर धारा 143, 147, 148, 149, 150, 285, 341, 188 के तहत अपराध कायम किया गया है। पुलिस के इस दमन चक्र के शिकार भाजपा नगर अध्यक्ष राजेन्द्र बाजपेयी, युवा मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संग्राम सिंह राणा, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष राकेश तिवारी, भाजपा नगर कार्यसमिति सदस्य प्रकाश झा, युवा मोर्चा के विनीत शुक्ला, रोहित खत्री, बन्टू पाण्डेय, आलेख तिवारी एवं आई टी सेल प्रभारी पंकज आचार्य आज गिरफ्तारी के उपरांत न्यायालय से जमानत पर रिहा हुए।

जहां पूरा दिन बोधघाट थाने से लेकर कोर्ट तक पूर्व विधायक संतोष बाफना, प्रदेश मंत्री किरण देव, वन विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, नगर निगम अध्यक्ष शेष नारायण तिवारी, लच्छु राम कश्यप, राजाराम तोडेम, नेता प्रतिपक्ष संजय पाण्डेय, आनन्द मोहन मिश्रा, संजय विश्वकर्मा, नवीन ठाकुर,ईश्वर राव, सूर्यप्रकाश राव, संकल्प दुबे, रामाश्रय सिंह, संतोष त्रिपाठी, बबलू दुबे, अशोक नवतानी, दीप्ति पांडे, बी जयराम, शैलू भदोरिया, रूपेश जैन, सुरेश गुप्ता, आनन्द झा, सूर्य भूषण सिंह, किशोर महावर, मनोज पटेल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

दिनेश के.जी. (संपादक)

सिर्फ खबरें लगाना हमारा मक़सद नहीं, कोशिश रहती है कि पाठकों के सरोकार की खबरें न छूटें..
Back to top button
error: Content is protected !!