
दिल्ली एयरपोर्ट में फ्लाईट के रनवे पर उतरते ही आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
रायपुर। थाना डी.डी.नगर क्षेत्रांतर्गत इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी स्थित किराए के मकान में क्लाइंट की हत्या करने वाले वकील दंपति सहित चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 30 लाख रुपये की रकम के विवाद को लेकर की गई इस हत्या का मास्टरमाइंड आरोपी वकील अंकित उपाध्याय और उसकी पत्नी शिवानी शर्मा है। दोनों को दिल्ली एयरपोर्ट पर फ्लाइट लैंड करते ही गिरफ्तार किया गया।
हत्या की सनसनीखेज साजिश
आरोपी वकील अंकित उपाध्याय द्वारा मृतक किशोर पैकरा से लिए गए 30 लाख रुपये का दुरुपयोग किया गया था। मृतक लगातार पैसे की मांग कर रहा था जिससे तंग आकर आरोपी व उसकी पत्नी ने मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई।
दिनांक 21 जून को मृतक को झांसे में लेकर किराए के मकान में लाया गया और गला दबाकर तथा चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। शव को ट्रॉली बैग में डालकर उस पर सीमेंट डालकर टिन की पेटी में बंद किया गया और सुनसान इलाके में फेंक दिया गया। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आरोपी घटना के बाद फरार हो गए थे।
दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तारी
पुलिस की तत्परता से आरोपियों की पहचान होते ही दिल्ली एयरपोर्ट के अधिकारियों को सूचना दी गई। फ्लाइट लैंड करते ही दोनों आरोपियों को अभिरक्षा में लिया गया और रायपुर पुलिस टीम द्वारा दिल्ली पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
घटना में सहयोगी दो अन्य आरोपी भी गिरफ्तार
हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने में मदद करने वाले दो अन्य सहयोगियों – विनय यदु और सूर्यकांत यदु को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। चारों आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन – एक अल्टो कार, दो दोपहिया वाहन और 05 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
अपराध दर्ज
सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना डी.डी.नगर में अपराध क्रमांक 255/25 धारा 103(1), 238क, 61(2), 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फॉरेंसिक टीम की अहम भूमिका
घटना स्थल पर फॉरेंसिक वैज्ञानिक, डॉग स्क्वाड, और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से साक्ष्य संकलन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा जांच टीम को नगद इनाम देने की घोषणा की गई है।
गिरफ्तार आरोपी :
- अंकित उपाध्याय, उम्र 31 वर्ष, पेशे से वकील
- शिवानी शर्मा, उम्र 24 वर्ष, पत्नी अंकित उपाध्याय
- विनय यदु, उम्र 23 वर्ष
- सूर्यकांत यदु, उम्र 21 वर्ष
टीम में शामिल अधिकारी:
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक एस.एन.सिंह थाना प्रभारी डी.डी.नगर, एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट से प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक मुकेश सोरी, राजेन्द्र सिंह कंवर, सउनि. प्र्रेमराज बारिक, अतुलेश राय, फूलचंद भगत, शंकर लाल ध्रुव, प्र.आर. गुरूदयाल सिंह, उपेन्द्र यादव, अनुप मिश्रा, संतोष दुबे, कृपासिंधु पटेल, सुरेश देशमुख, घनश्याम प्रसाद साहू, म.प्र.आर. बसंती मौर्य, आर. प्रमोद बेहरा, पुरूषोत्तम सिन्हा, प्रशांत शुक्ला, हरजीत ंिसंह, किसलय मिश्रा, अजय चौधरी, महिपाल सिंह, भूपेन्द्र मिश्रा, अविनाश देवांगन, अभिषेक तोमर, अमित वर्मा, नितेश सिंह राजपूत, अविनाश टण्डन तथा थाना डी.डी.नगर से सउनि. अनंत बारिक, प्र.आर. अरूण तिवारी एवं म.आर. सरस्वती वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें




