
सुरक्षा की नई लकीर : स्टॉपर लगाने, पेड़ हटाने से इनसेंटिव ट्रैफिक तक, बस्तर पुलिस की सक्रिय पहल
जगदलपुर। विगत कुछ दिनों में लगातार हो रही बारिश और बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए बस्तर पुलिस यातायात विभाग द्वारा त्वरित एवं सटीक कार्यवाही कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। डीएसपी ट्रैफिक श्री संतोष जैन ने बताया कि बीते दिनों आसना-बकावंड रोड ट्यूश गुणा मार्ग में बार-बार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए 6 जुलाई 2025 को दुर्घटनाजन्य स्थल पर वाहनों की गति नियंत्रित करने हेतु स्टॉपर लगाया गया है। साथ ही, ट्यूश गुणा बस्ती में सड़क किनारे पर्याप्त रोशनी न होने के कारण वहां स्ट्रीट लाइट लगाने का अनुरोध स्थानीय सरपंच से किया गया, जिस पर सहमति प्रदान करते हुए पंचायत द्वारा जल्द ही प्रकाश व्यवस्था की जाएगी।
इनसेंटिव ट्रैफिक सिस्टम से बदलेगा कोतवाली चौक का यातायात चेहरा
शनिवार को कोतवाली चौक में ट्रैफिक व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए नए इनसेंटिव ट्रैफिक सिस्टम को लेकर नया प्रयोग किया गया। यातायात दबाव को कम करने तथा वाहन चालकों को स्पष्ट मार्गदर्शन देने हेतु नई योजना पर कार्य किया जा रहा है। चौराहे पर संकेतक, स्टॉपर एवं लेन व्यवस्था को लेकर नई रणनीति बनाई गई है। इससे ट्रैफिक को और अधिक सुगम बनाया जाएगा।
आमागुड़ा क्षेत्र में गिरे पेड़, ट्रैफिक टीम ने संभाला मोर्चा
लगातार हो रही बारिश के चलते 4 जुलाई को आमागुड़ा चौक में एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे डिवाइडर का एक हिस्सा अवरुद्ध हो गया। यातायात प्रभावित होते ही पुलिस द्वारा वनवे ट्रैफिक चालू कर आवागमन बहाल किया गया। वन विभाग को सूचना देकर तत्काल पेड़ को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
वहीं, इससे पूर्व 2 जुलाई की सुबह 6:30 बजे, आमागुड़ा चौक पर ही एक और पेड़ गिरने से सड़क का एक हिस्सा अवरुद्ध हो गया था। इस दौरान एएसआई प्रवीण जोशी, प्रधान आरक्षक जगमोहन नाग, प्रधान आरक्षक प्रकाश देवांगन एवं नगर सेना के जवान हेमंत और शिवा मौके पर पहुंचे। टीम ने तत्परता दिखाते हुए वनवे ट्रैफिक चालू कराया और कंट्रोल रूम के माध्यम से वन विभाग को सूचना देकर पेड़ को कटवाकर रास्ता साफ कराया। गनीमत रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष जैन ने बताया कि नागरिकों की सुरक्षा और सुगम यातायात संचालन ही पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौसम की विषम परिस्थितियों के बावजूद ट्रैफिक पुलिस पूरी मुस्तैदी से लोगों की सेवा में लगी है।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें





