
जगदलपुर। दीपावली से ठीक पहले बस्तर पुलिस ने जिलेभर में अवैध जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जुआरियों की कमर तोड़ दी है। पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा के नेतृत्व में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन में जिले में मिशन मोड पर विशेष अभियान चलाया गया।
विश्वसनीय मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस की टीमों ने एक साथ कई स्थानों पर आकस्मिक छापेमारी की। अभियान के दौरान 47 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 155 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से ₹2,23,990/- नगद राशि बरामद की गई।
दीपावली पर्व के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध और समाज विरोधी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान संचालित किया गया।
पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने कहा कि बस्तर पुलिस किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगी। समाज में शांति और सुरक्षा बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बस्तर पुलिस की यह निर्भीक और निर्णायक कार्रवाई जिले में जनशांति और अपराध-मुक्त समाज के प्रति उसकी दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें





