छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कजगदलपुर

किसानों की समृद्धि का नया अध्याय : सहकारी ध्वजारोहण के साथ जिला सहकारी केंद्रीय बैंक जगदलपुर में ‘सहकारी सप्ताह’ का शुभारंभ

सहकारी सप्ताह का हुआ आगाज़, ध्वजारोहण के साथ गूंजा ‘सहकार से समृद्धि’ का संकल्प

सहकारिता आंदोलन को गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर, हर पंचायत में समिति गठन और सदस्यता विस्तार का आह्वान

जगदलपुर। सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 29 जून से 06 जुलाई तक आयोजित किए जा रहे सहकारी सप्ताह का शुभारंभ सोमवार को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, जगदलपुर के प्रधान कार्यालय परिसर में सहकारी ध्वजारोहण के साथ हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ सहकारी ध्वजारोहण से हुआ। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से सहकारी ध्वजगीत का गायन किया और “सहकार से समृद्धि” के संकल्प को साकार करने हेतु सहकारिता की शपथ ली।

बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप ने अपने उद्बोधन में सहकारी सप्ताह के दौरान अधिक से अधिक लोगों को सदस्यता अभियान से जोड़ने पर विशेष बल दिया। उन्होंने केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा शुरू किए गए “सहकार से समृद्धि” अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान सहकारिता क्षेत्र में नवाचार और विस्तार का मजबूत आधार बन रहा है। उन्होंने पैक्स, दुग्ध, मत्स्य, बुनकर एवं अन्य नई सहकारी समितियों के गठन को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई।

बैंक के उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने कहा कि ‘एक सब के लिए, सब एक के लिए’ यही सहकारिता का मूलमंत्र है। उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम नहीं, बल्कि सामूहिकता, विश्वास और सहभागिता की मजबूत नींव है।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सामूहिकता की भावना के साथ सहकारिता आंदोलन को और अधिक मजबूत बनाना समय की आवश्यकता है। इसके लिए गांव-गांव और पंचायत स्तर तक सहकारिता की पहुंच सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने कहा कि हर पंचायत में कम से कम एक सहकारी समिति का गठन किया जाना चाहिए, ताकि अधिकाधिक किसान, ग्रामीण और आमजन सहकारिता से जुड़कर विकास की मुख्यधारा में शामिल हो सकें।

श्री मिश्रा ने कहा कि केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय द्वारा पैक्स कम्प्यूटरीकरण, बहुउद्देशीय सहकारी समितियों के गठन और सुदृढ़ीकरण जैसे नवाचारों से किसानों को आधुनिक सुविधाएं मिल रही हैं, जिससे उनकी आय और व्यवसाय विस्तार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं। साथ ही दुग्ध, मत्स्य, वनोपज और अन्य सहकारी समितियों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में भी तेजी से कार्य हो रहा है।

प्रदेश सह-संयोजक, सहकारिता प्रकोष्ठ रंजीत पाण्डेय ने कहा कि केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के गठन के बाद देश में सहकारिता आंदोलन को नई दिशा और गति मिली है। उन्होंने लोगों से अधिकाधिक सहकारी सदस्यता लेने तथा जनभागीदारी को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सहकारिता रूपी वृक्ष को और अधिक विशाल एवं सशक्त बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।

कार्यक्रम के अंत में बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुंवर सिंह ध्रुव ने सभी अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सहकारी सप्ताह के दौरान निर्धारित सभी गतिविधियों का संचालन बैंक से संबद्ध पैक्स एवं लैंप्स समितियों के माध्यम से व्यापक स्तर पर किया जाएगा, ताकि सहकारिता के सिद्धांत और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमामय मंच संचालन जिला सहकारी शिक्षा प्रशिक्षक, छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी संघ विवेक पाण्डे द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रंजीत पाण्डेय (प्रदेश सह-संयोजक, सहकारिता प्रकोष्ठ), खेमसिंह देवांगन (सभापति, नगर पालिक निगम), योगेन्द्र पाण्डेय (सभापति, पुनर्वास एवं नियोजन विभाग, नगर पालिक निगम, जगदलपुर), मनोहर दत्त तिवारी (जिला संयोजक, सहकारिता प्रकोष्ठ), प्रेम यादव, संतोष नाग, चंद्रभान नागवंशी (सदस्य, सहकारिता प्रकोष्ठ, जिला बस्तर), के.एन. पाण्डेय (अध्यक्ष, आदर्श सहकारी मुद्रणालय, जगदलपुर), विवेकानंद झा (प्राचार्य, छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी संघ), के.के. द्विवेदी (प्रबंधक, बस्तर जिला सहकारी संघ) सहित बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!

ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉

📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें

दिनेश के.जी. (संपादक)

सिर्फ खबरें लगाना हमारा मक़सद नहीं, कोशिश रहती है कि पाठकों के सरोकार की खबरें न छूटें..
Back to top button
error: Content is protected !!