
जगदलपुर। शहर में लगातार झपटमारी की वारदातों से लोगों में दहशत फैलाने वाले नकाबपोश युवक को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी सुनसान और अंधेरी जगहों पर बैग लेकर जा रही महिलाओं एवं युवतियों को निशाना बनाता था। वह तेज रफ्तार बाइक से पीछे से आकर झपटमारी करता और बैग से नकदी व आभूषण निकालने के बाद बैग एवं मोबाइल फेंककर फरार हो जाता था।
पुलिस अधीक्षक श्री शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेश्वर नाग के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित कुमार धोत्रे के पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौर के नेतृत्व में कोतवाली एवं साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर आरोपी को धर दबोचा।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजमन यादव पिता संपत यादव (19 वर्ष), निवासी ग्राम कुथर, थाना मारडूम, जिला बस्तर है। पूछताछ में उसने शहर के कोतवाली क्षेत्र में 5 तथा बोधघाट क्षेत्र में 4, कुल 9 झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि वह दोस्तों के साथ घूमने-फिरने के लिए पैसे जुटाने की नीयत से झपटमारी करता था।
ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे
थाना कोतवाली में सबसे पहले 28 जून 2026 को साकेत कॉलोनी निवासी श्रीमती रश्मि केशरवानी (44 वर्ष), पति स्व. मनोज केशरवानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दंतेश्वरी मंदिर दर्शन के दौरान सिरहासार चौक के पास नकाबपोश युवक ने बाइक से आकर उनका पर्स झपट लिया। इसके बाद 2 जुलाई को घर संसार, लालबाग क्षेत्र तथा 5 जुलाई को धरमपुरा कालीपुर अटल आवास के पास भी इसी पैटर्न पर झपटमारी की घटनाएं हुईं।
लगातार बढ़ रही घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने पूरे शहर के चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर टीम तैनात कर दी थी। 6 जुलाई को सूचना मिली कि एक नकाबपोश युवक दलपत सागर की ओर से पावर हाउस चौक की तरफ आ रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली और साइबर टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ और पीड़ितों से पहचान कराने पर आरोपी की पुष्टि हो गई।
2.5 लाख रुपये का सामान बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने झपटमारी के 8 बैग, 3 मोबाइल, सोने-चांदी के आभूषण, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, सील, 800 रुपये नकद सहित लगभग 2.5 लाख रुपये का सामान बरामद किया। आवश्यक साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को 6 जुलाई को गिरफ्तार किया गया तथा 7 जुलाई 2026 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक प्रमोद ठाकुर, अरुण मरकाम, पीएसआई भूपेंद्र पैकरा, रानी सोनी, अफसाना, सहायक उप निरीक्षक बिजेंदर सिंह, परिमल दास, प्रधान आरक्षक विनोद चांदने, राजेश राजपूत, राजू टोप्पो, आरक्षक सोनू गौतम, प्रदीप, हेमचंद, महेंद्र पटेल, मंहगू कश्यप, धर्मेंद्र सिंह, कृष्णा नेताम, रंगलाल खरे, अमर सिंह बेसरा, धनेश्वर यादव, तरुण कुमार यादव तथा महिला आरक्षक रीना अनंत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें





