सहायक आरक्षक ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या की कोशिश, जवान की हालत नाज़ुक

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के धुर नक्सल प्रभावित जिला बीजापुर में पदस्थ एक सहायक आरक्षक ने गुरुवार को खुद को गोली मार ली। जहां एसएलआर से जवान ने अपने आप को गोली मारी है। घायल जवान का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। वहीं जवान की हालत नाजुक बताई जा रही है। अब तक आत्महत्या का कारण अज्ञात बताया जा रहा है। बीजापुर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार घायल जवान का नाम उमेश बेलादी बताया जा रहा है। उक्त जवान बीजापुर नया लाइन में सहायक आरक्षक के पद पर पदस्थ है। सुबह एकाएक ही साथियों ने गोली चलने की आवाज सूनी। इसके बाद घटना स्थल पर पहुंचे तो देखा कि उमेश घायल अवस्था में है। तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां जवान का इलाज जारी है। बीजापुर कोतवाली थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि उमेश ने आत्महत्या करने की उद्देश्य से खुद को गोली मारी थी।