उपमुख्यमंत्री अरूण साव, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप एवं पूर्वमंत्री महेश गागड़ा सहित दिग्गज नेता कार्यक्रम में शामिल हुए

जगदलपुर को स्वच्छ, सुन्दर एवं सुविधापूर्ण शहर बनाने की दिशा में दृढ़ संकल्प के साथ करें कार्य – उप मुख्यमंत्री अरुण साव

जगदलपुर। नगर पालिक निगम जगदलपुर के नव निर्वाचित महापौर एवं पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को बस्तर की आराध्य देवी मां दन्तेश्वरी मंदिर प्रांगण जगदलपुर में संपन्न हुआ। नगर निगम के महापौर संजय पाण्डे के साथ कुल 31 पार्षदों ने आज दंतेश्वरी मंदिर के समक्ष पद और गोपनीयता की शपथ ली। कलेक्टर हरिस एस ने महापौर के साथ ही पार्षदों को शपथ दिलाई। भाजपा के 30 और एक निर्दलीय पार्षद ने आज शपथ ग्रहण किया। इस अवसर पर आचार्यगणों ने वैदिक मंत्र का उच्चारण और शंखनाद किया। महापौर ने सभी अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ देकर, साफा एवं गजमाला पहनाकर किया। इसके साथ ही सभी समाज प्रमुख, आचार्यगणों व पार्षदों का स्वागत तिलक लगाकर व पटका पहनाकर किया। कार्यक्रम के अंत में निवर्तमान महापौर सफीरा साहू ने निर्वाचित महापौर संजय पांडे को निगम की चाबी सौंपी। महापौर और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन में उपमुख्यमंत्री अरूण साव रहे। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष व स्थानीय विधायक किरण सिंह देव ने की। जबकि विशिष्ट अतिथियों में मंत्री केदार कश्यप सहित भाजपा के कई दिग्गज नेता शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पहुंचते ही अतिथियों के स्वागत में जमकर आतिशबाजी की गई। अतिथियों ने मंच में बैठने से पूर्व दंतेश्वरी मंदिर पहुंच कर पूजा अर्चना की। मंदिर के सामने आयोजित शपथ ग्रहण समारोह छत्तीसगढ़ के राजनीतिक सितारों से सजा हुआ था। इस सुअवसर पर उप मुख्यमंत्री सहित अन्य अतिथियों ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को ढेर सारी बधाई दी।

उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने अपने उद्बोधन में कहा कि नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में नए संकल्प के साथ जगदलपुर आगे बढ़े। जिस उम्मीद और अपेक्षाओं के साथ शहर की जनता ने आशीर्वाद दिया है उसी प्रकार चुने गए जनप्रतिनिधि जनता के सपनों को पूरा करें। डिप्टी सीएम ने विश्वास व्यक्त किया है कि महापौर और पार्षदगण अटल विश्वास पत्र में किए गए सभी वादों को पूरा कर जगदलपुर को एक स्वच्छ, सुव्यवस्थित और समृद्ध शहर बनाने में दृढ़ संकल्पित रहेंगे। उन्होंने संजय पांडे के बारे में बताते हुए कहा कि 1990 से लगातार पार्टी के प्रति समर्पित भाव से काम कर रहे है। वहीं 2004 से अलग-अलग वार्डों से पार्षद निर्वाचित हुए हैं। शहर की जनता ने अनुभवी, मिलनसार, ऊर्जावान व जनता के लिए समर्पित जनप्रतिनिधि को शहर की कमान सौंपी है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने कहा नगर निगम में बिना किसी भेदभाव की राजनीति होनी चाहिए। जनता के विश्वास में सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधि पूर्ण रूप से खरा उतरेंगे यही कामना है। उन्होंने बताया 1 साल 4 माह में नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव ने उनकी हर मांग को पूरा किया है। बिना किसी विलंब के विभिन्न विकास कार्य के लिए 82 करोड़ के कार्यों की स्वीकृति दी है।

मंत्री केदार कश्यप ने कहा इस बार के नगर निगम चुनाव में शहर की जनता ने अपना पूर्ण आशीर्वाद दिया और इस बलबूते पर भारतीय जनता पार्टी ने नगर की सरकार बनाई है। शिक्षा, स्वास्थ्य, यातायात व अन्य विभागों की कार्य योजना बनाकर तालमेल के साथ काम किया जाएगा।

अपने शपथ ग्रहण समारोह के मौके पर संजय पांडे ने आभार व्यक्त करते हुए शहर के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की व सभी उपस्थितजनों का मंच के माध्यम से धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा महापौर चुना जाना मेरे लिए एक सुखद अनुभव है। शहर की प्रबुद्ध जनता के आशीर्वाद के बिना यह संभव नही था। नगर निगम को नए सिरे से संवारना हमारी पहली प्राथमिकता होगी। कार्यक्रम के अंत में महापौर ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किया।
मालूम हो कि भाजपा से नवनिर्वाचित महापौर संजय पाण्डे ने 8762 मतों से कांग्रेस के प्रत्याशी को हराकर जीत दर्ज की है। इस बार नगर निगम चुनाव में कुल 48 सीटों में से 30 सीटों पर भाजपा का कब्जा है जबकि 16 सीट पर कांग्रेस व दो सीट पर निर्दलीय ने अपना कब्जा जमाया है। जिसमें से एक महिला पार्षद माया नायक ने आज विधिवत कार्यक्रम में शामिल होकर शपथ लिया।

शपथ ग्रहण समारोह से पूर्व महापौर संजय पाण्डे ने अपने गृह निवास में विधिवत पूजा अर्चना की। अर्धांगिनी रेखा पाण्डे के साथ उन्होंने अपने दिवंगत माता-पिता के छायाचित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर उनसे आशीर्वाद लिया। इसके बाद बुलेट में सवार होकर अपनी पत्नी के साथ दंतेश्वरी मंदिर पहुंचे।

दिनेश के.जी. (संपादक)

सिर्फ खबरें लगाना हमारा मक़सद नहीं, कोशिश रहती है कि पाठकों के सरोकार की खबरें न छूटें..

Spread the love

By दिनेश के.जी. (संपादक)

सिर्फ खबरें लगाना हमारा मक़सद नहीं, कोशिश रहती है कि पाठकों के सरोकार की खबरें न छूटें..

You missed

error: Content is protected !!