चिंगपाल के दीदी मंडई कार्यक्रम में सम्मिलित हुए विधायक किरण देव, महिला स्वावलंबन की सराहना की

जगदलपुर। जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के दरभा मंडल अंतर्गत चिंगपाल पंचायत में आयोजित दीदी मंडई कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री किरण देव ने शिरकत कर महिला स्व सहायता समूह की दीदियों का हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम में श्री किरण देव ने कहा कि स्व सहायता समूह के माध्यम से महिलाएं आज विभिन्न क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बन रही हैं। खेती, सब्जी उत्पादन, राशन दुकान संचालन, मुर्गी पालन और अन्य गतिविधियों के माध्यम से महिलाएं पंचायत स्तर पर उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं और शासन की योजनाओं का भरपूर लाभ उठा रही हैं।
कार्यक्रम में बस्तर की पारंपरिक विधियों से महिला दीदियों ने श्री किरण देव का स्वागत किया। तीरथधारा महिला संघ की पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि दस पंचायतों को मिलाकर एक क्लस्टर तैयार किया गया है, जहां सालभर विभिन्न आयोजन कर महिलाओं को प्रोत्साहित किया जाता है। समूह के माध्यम से महिलाएं न केवल अपनी आय के साधन बढ़ा रही हैं, बल्कि अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दे रही हैं।
इस अवसर पर भाजपा नेता हरिप्रसाद कश्यप, सरपंच जयराम, मंडल अध्यक्ष देवीप्रसाद बेंजाम, सीईओ वीरेंद्र बहादुर सहित बड़ी संख्या में महिला दीदी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सभी महिला दीदियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महिलाएं आगे भी इसी तरह अपने क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करती रहेंगी।