बस्तर को बड़ी सौगात : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव की पहल पर वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, कामानार से दरभा तक नई सड़क के लिए 36 करोड़ की मंजूरी

Ro. No. :- 13171/10
  • जनता को मिलेगा सुगम आवागमन का लाभ

जगदलपुर | CG News | Bastar News

बस्तर की देवतुल्य जनता के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक श्री किरण देव की अथक प्रयासों और निरंतर सक्रियता के चलते कामानार नाका से दरभा तक के 06 किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण को 36 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृति मिल गई है। यह सड़क न केवल स्थानीय नागरिकों को राहत देगी बल्कि पर्यटन और व्यापार के लिए भी एक मजबूत कड़ी बनेगी।

इस ऐतिहासिक स्वीकृति पर श्री किरण देव ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री एवं पीडब्ल्यूडी मंत्री श्री अरुण साव तथा वन मंत्री श्री केदार कश्यप का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि, “जनता की मूलभूत सुविधाएं हमारी प्राथमिकता हैं, और हम हर मांग को विकास में तब्दील करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

  • पर्यावरणीय अड़चनों को किया पार

गौरतलब है कि यह मार्ग कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में आता है, जिसके चलते वर्षों से इस सड़क के निर्माण को पर्यावरणीय स्वीकृति नहीं मिल पा रही थी। लेकिन विधायक श्री किरण देव ने इस विषय को विधानसभा में प्रमुखता से उठाया, जिससे केंद्र और राज्य सरकार की डबल इंजन सरकार ने संज्ञान लेकर मंजूरी प्रदान की।

  • पर्यटन और आवागमन को मिलेगी नई रफ्तार

यह मार्ग जगदलपुर से सुकमा और तेलंगाना को जोड़ता है। वर्तमान में संकरा रास्ता होने के कारण हजारों यात्रियों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। सड़क चौड़ी होने से स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी फायदा मिलेगा, और बस्तर की खूबसूरती को देखने आने वालों के लिए यह मार्ग आकर्षण का केंद्र बनेगा।

  • जनता के प्रति वचनबद्धता का प्रतीक

विधानसभा चुनाव के दौरान जनता ने इस मार्ग की मांग रखी थी, जिसे श्री किरण देव ने प्राथमिकता में रखा और अब उसे मूर्त रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा, “जनभावनाओं का सम्मान करते हुए क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करना मेरे लिए गर्व की बात है। विकास की यह रफ्तार ऐसे ही जारी रहेगी।”

जल्द ही इस मार्ग का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा और यह सड़क बस्तर के विकास पथ पर एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ देगी।

दिनेश के.जी. (संपादक)

सिर्फ खबरें लगाना हमारा मक़सद नहीं, कोशिश रहती है कि पाठकों के सरोकार की खबरें न छूटें..
Back to top button
error: Content is protected !!