भाजपा अध्यक्ष किरण देव से मिला शिक्षकों का प्रतिनिधि मंडल, 2621 बर्खास्त बीएड शिक्षकों की पुनर्नियुक्ति पर जताया आभार

बीएड सहायक शिक्षकों को पुनः नियुक्ति देने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने मुख्यमंत्री एवं मंत्रिमंडल का जताया आभार
जगदलपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव से आज नयापारा विधायक कार्यालय में बर्खास्त बीएड सहायक शिक्षकों के प्रतिनिधि मंडल ने सौजन्य मुलाकात की एवं मुंह मीठा करवाकर उनका आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में सीधी भर्ती 2023 के तहत नियुक्ति उपरांत सेवा से हटाए गए 2621 बी.एड. अर्हताधारी सहायक शिक्षकों को बड़ी राहत दी गई है।
मंत्रिमंडल ने अंतर विभागीय समिति की अनुशंसा के आधार पर इन शिक्षकों को सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के पद पर समायोजित करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया। इस फैसले के उपरांत भाजपा अध्यक्ष किरण देव ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं पूरे मंत्रिमंडल का सहृदय आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय न केवल शिक्षकों के भविष्य को सुरक्षित करता है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा। शिक्षकों के प्रतिनिधि मंडल ने भी इस पुनर्नियुक्ति के लिए शासन का आभार जताया।