रेल लाइन परियोजना की स्वीकृति पर मंत्री केदार कश्यप ने जताया प्रधानमंत्री, रेलमंत्री एवं मुख्यमंत्री का आभार, कहा – रावघाट से जगदलपुर तक दौड़ेगी उम्मीदों की रेल, बस्तर के सपनों को मिली मंज़ूरी

3513.11 करोड़ की रावघाट-जगदलपुर रेललाइन को मिली मंजूरी, केदार बोले – ‘मोदी है तो मुमकिन है’
जगदलपुर | CG News | Bastar News
बस्तरवासियों के लिए ऐतिहासिक और बहुप्रतीक्षित सौगात का एलान हुआ है। केंद्र सरकार ने रावघाट से जगदलपुर तक 140 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन परियोजना को स्वीकृति दे दी है, जिसके लिए 3513.11 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया है। यह पूरा प्रोजेक्ट केंद्रीय बजट से वित्तपोषित किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक घोषणा पर छत्तीसगढ़ सरकार के वन मंत्री केदार कश्यप ने खुशी जताते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय बस्तर के सामाजिक, आर्थिक और औद्योगिक विकास की मजबूत नींव रखेगा।
केदार कश्यप ने कहा – आदिवासी अंचलों के सपनों को पंख मिलेंगे
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि यह परियोजना बस्तर के दूरस्थ इलाकों को देश के रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा बस्तरवासियों का वर्षों पुराना सपना साकार हो रहा है। यह केवल एक रेल लाइन नहीं, बल्कि विकास की पटरियों पर दौड़ती उम्मीदों की गूंज है।
रेल परियोजना से बस्तर में खुलेगी पर्यटन और रोजगार की नई राह
रावघाट-जगदलपुर रेललाइन के शुरू होते ही कोंडागांव और नारायणपुर जैसे जिले पहली बार भारतीय रेल मानचित्र पर दर्ज होंगे। यह परियोजना न सिर्फ स्थानीय जनता के आवागमन को सुगम बनाएगी, बल्कि बस्तर की अनूठी जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य, और ऐतिहासिक स्थलों तक पर्यटकों की सीधी पहुंच को भी आसान बनाएगी। इससे स्थानीय रोजगार, व्यापार, और पर्यटन को जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा।
“मोदी है तो मुमकिन है” – बस्तर के सपनों को मिलेगी रफ्तार
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बस्तर की वर्षों की उपेक्षा अब इतिहास बनने जा रही है। उन्होंने इस रेल परियोजना को बस्तर के चहुँमुखी विकास की कुंजी बताते हुए कहा कि अब यह अंचल विकास की नई ऊँचाइयों को छुएगा।