भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव व प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने जनप्रतिनिधियों का किया मार्गदर्शन

जनता से जुड़कर करें कार्य, संगठन को सशक्त बनाने महती भूमिका निभायें – भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल
भाजपा ने आयोजित की बस्तर जिले के समस्त भाजपा जनप्रतिनिधियों की बैठक, सांसद, विधायक, पंचायत व नगरीय निकाय के निर्वाचित जनप्रतिनिधि हुए शामिल
जगदलपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा बस्तर जिले के भाजपा के सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आज शुक्रवार को स्थानीय पं. श्यामा प्रसाद मुखर्जी टाऊन हाल में आयोजित की गयी। जिसमें भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव व भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने भाजपा के जनप्रतिनिधियों को संबोधित किया और जनता से जुड़ कर कार्य करने व संगठन को सशक्त बनाने मार्गदर्शन दिया।
भारतीय जनता पार्टी की जनप्रतिनिधि बैठक में जिले के निर्वाचित सांसद, विधायक, पंचायत व नगरीय निकाय के जनप्रतिनिधि शामिल हुए। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने अपने संबोधन में कहा कि जनता की सेवा ईश्वर की सेवा करना है। जनता ही जनार्दन है। ऐसा पावन कार्य करने का अवसर आप सभी को जनप्रतिनिधि के रूप में मिला है। क्षेत्र के बेहतर विकास के लिये, समाज में सकारात्मक बदलाव लाने, जनता के हित में निरंतर कार्य करें और संपूर्ण ऊर्जा लगायें। भाजपा के जनप्रतिनिधि के रूप में कर्मठता से न्याय पूर्ण कार्य करते हुये संगठन को भी सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दें।
भाजपा संगठन महामंत्री प्रदेश पवन साय ने बैठक में उपस्थित जन प्रतिनिधियों से सीधा संवाद स्थापित कर सरकार के बेहतर कामकाज हेतु उनके सुझाव लिये। श्री साय ने कहा कि संगठन की दृष्टि से सभी को एकजुटता के साथ कार्य करना है। छत्तीसगढ़ में डबल इंजन की सरकार है। प्रदेश में भाजपा सरकार के सुशासन का लाभ सीधे जनता को मिले, सभी को समर्पित भाव से इस उद्देश्य से कार्य करना है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने भारत की सीमा में पाकिस्तान के नापाक इरादों को नाकाम करने वाली भारतीय सेना के अद्भुत शौर्य व पराक्रम का अभिनंदन करते हुये कहा कि देश को नुकसान पहुंचाने की कुमंशा रखने वाले आततायी पाकिस्तान को भारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है, यह हम देशवासियों के लिये गर्व की अनुभूति के क्षण है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने सभी जनप्रतिनिधियों से जनता से सीधे जुड़ कर सतत् कार्य करने कहा।
भाजपा की जनप्रतिनिधि बैठक का संचालन नरसिंह राव व आभार प्रदर्शन रजनीश पाणिग्रही ने किया। जनप्रतिनिधि बैठक में प्रमुख रूप से वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप, भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, संभागीय प्रभारी रजनीश सिंह, निरंजन सिन्हा, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, छग वित्त आयोग अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी, डॉ. सुभाऊ कश्यप, संतोष बाफना, रूपसिंह मण्डावी, बैदूराम कश्यप, लच्छू राम कश्यप, शिवनारायण पाण्डेय, सुधीर पाण्डेय, विद्या शरण तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, बलदेव मण्डावी, महापौर संजय पाण्डेय, निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन, योगेन्द्र पाण्डेय, श्रीनिवास मिश्रा, श्रीधर ओझा, नगर मण्डल अध्यक्ष प्रकाश झा, अश्विन सरडे आदि सहित भाजपा जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।