जनता के बीच पहुंचा प्रशासन, 346 समस्याओं का हुआ समाधान, महापौर बोले – यही है सुशासन की असली परिभाषा

समाधान शिविर बना सेवा और संवाद का सेतु
संवाद से समाधान तक – यही है बदलते छत्तीसगढ़ की नई तस्वीर
जगदलपुर। नगर निगम के रोटरी भवन परिसर में आयोजित “समाधान शिविर” एक प्रशासनिक कार्य नहीं बल्कि जनसेवा का पर्व बन गया। महापौर संजय पाण्डे ने शिविर का निरीक्षण करते हुए कहा कि सुशासन का मतलब सिर्फ योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि जनता के साथ खड़े होकर उनकी समस्याओं को हल करना है। यही असली लोकतंत्र है, जब सरकार और नागरिक एक मंच पर संवाद करें और समाधान मिले।
शिविर में कुल 348 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 346 समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जो इस शिविर की त्वरित कार्यप्रणाली को दर्शाता है। बाकी दो मामलों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। शिविर के दौरान राशन कार्डों का वितरण कर कई जरूरतमंद हितग्राहियों को राहत भी प्रदान की गई।
इस शिविर में न केवल आवेदन लिए गए, बल्कि सामाजिक सरोकार भी देखने को मिले। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती माताओं की गोद भराई और नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन कराया गया, जिससे माहौल भावनात्मक और पारिवारिक बन गया।
भाजपा जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पाण्डेय ने शिविर को अंत्योदय की दिशा में एक मजबूत कदम बताया। उन्होंने कहा कि 15 साल पूर्व रमन सिंह सरकार ने जन समस्याओं के निवारण के लिए जो परंपरा शुरू की थी, वही आज विष्णु देव साय की सरकार संवेदनशीलता के साथ आगे बढ़ा रही है।
निगम स्पीकर खेमसिंह देवांगन ने इस शिविर को लोकतंत्र का उत्सव बताते हुए कहा कि निकाय चुनाव संपन्न होते ही सरकार ने जनता के दरवाजे तक समाधान पहुंचाने का संकल्प लिया।
एमआईसी सदस्य लक्ष्मण झा ने कहा कि पिछली सरकार में लोग फाइलों में उलझे रहते थे, आज फाइलें जनता तक खुद चलकर आ रही हैं।
इस आयोजन में निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष प्रकाश झा, संजय विश्वकर्मा, मनोहर दत्त तिवारी सहित निगम के सभी एमआईसी सदस्य, पार्षदगण, विभागीय अधिकारी, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।