भाजपा जगदलपुर ने मनाया बलिदान दिवस, डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को दी श्रद्धांजलि

जगदलपुर। भारतीय जनता पार्टी के आधार स्तम्भ, प्रेरणास्रोत डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर उनका पुण्य स्मरण कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई। भारतीय जनता पार्टी जगदलपुर नगर द्वारा आयोजित “बलिदान दिवस” के इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री डाॅ. सुभाऊ राम कश्यप ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी का सम्पूर्ण जीवन मातृभूमि को समर्पित था। वे हमेशा भारतमाता को परम वैभव के शिखर पर देखना चाहते थे। विद्वान, राष्ट्रभक्त, विचारक एवं कुशल संगठनकर्ता के रूप में श्यामाप्रसाद जी हमारे पथ प्रदर्शक के रूप में सदा हमारे साथ रहेंगे।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष योगेन्द्र पाण्डेय ने श्यामाप्रसाद मुखर्जी जी के आदर्शों को अपनाने की बात करते हुए कहा कि सादा जीवन उच्च विचार और किसी भी काम को सर्वोत्तम तरीके से करने की उनकी जीवन शैली हम सब के लिए आदर्श हैं। अपने सिद्धांतों से समझौता किए बिना राष्ट्र को समर्पित उनकी कार्यशैली राजनीति के क्षेत्र में कार्य करने वाले सभी लोगों के लिए अमूल्य प्रेरणा है।
भाजपा नगर अध्यक्ष राजेन्द्र बाजपेयी ने श्यामाप्रसाद मुखर्जी जी को अपने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले आजाद भारत के प्रथम बलिदानी थे डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी। एक देश में दो विधान, दो निशान, दो प्रधान नही चलेंगे नही चलेंगे का नारा दे कर उन्होंने तत्कालीन नेहरू सरकार की कश्मीर नीति के विरूद्ध आन्दोलन छेड़ दिया था। अगस्त 1952 को जम्मू की विशाल रैली में उन्होंने अपना संकल्प लेते हुए कहा था कि ” या तो मैं आपको भारतीय संविधान प्राप्त कराऊंगा या फिर इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए अपना जीवन बलिदान कर जाऊंगा।” जम्मू कश्मीर में जारी परमिट प्रथा के विरूद्ध सन 1953 को बिना परमिट लिए जम्मू में प्रवेश करते ही तत्कालीन नेहरू सरकार के इशारे पर जम्मू-कश्मीर की शेख अब्दुल्ला सरकार ने उन्हें बंदी बना कर षडयंत्रपूर्वक 23 जून 1953 को उनकी हत्या कर दी।
तब के उनके संकल्प को वर्तमान नरेन्द्र मोदी सरकार ने पूरा किया। धारा 370 और 35A समाप्त कर श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के सपनों को साकार किया। आज 67 वीं पुण्यतिथि पर नरेन्द्र मोदी सरकार के द्वारा उनके संकल्प को पूरा कर ” एक देश एक विधान, एक निशान और एक प्रधान ” का उनका स्वप्न साकार कर के करोड़ों देशभक्त भारतीयों की ओर से उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी गई है।
भाजपा नेता श्रीनिवास मिश्रा ने मुखर्जी जी के सम्पूर्ण जीवन वृत्त से परिचित कराया। कार्यक्रम का संचालन आर्येन्द्र आर्य ने किया।
सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए इस अवसर पर प्रदेश मंत्री किरण देव, पूर्व विधायक संतोष बाफना, वविनि पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी, लच्छुराम कश्यप, रामाश्रय सिंह, आशुतोष पाल, सुधीर शर्मा, संतोष त्रिपाठी, बी जयराम, राजेश श्रीवास्तव, आलोक अवस्थी, मनोहर दत्त तिवारी, शैलेन्द्र भदौरिया, संग्राम सिंह राणा, शैलेश श्रीवास्तव, दिगम्बर राव, राजपाल कसेर, अशोक यादव, फरिश बेसरा, अभय दीक्षित, योगेश ठाकुर, विक्रम यादव, रूपेश जैन, प्रकाश झा एवं आलेख राज तिवारी उपस्थित थे।