
अव्यवस्थित बसों और बाइक वालों की अब खैर नहीं, यातायात पुलिस ने दी सख्त चेतावनी

जगदलपुर। शहर के नया बस स्टैण्ड में लंबे समय से हो रही ट्रैफिक अव्यवस्था को लेकर आज यातायात पुलिस ने सख्त कदम उठाए। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) संतोष जैन, यातायात प्रभारी मधुसूदन सिंह नाग तथा सउनि अनिल कुलदीप के नेतृत्व में यातायात दल द्वारा विशेष कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान बस स्टैण्ड परिसर में कई दिनों से एक ही स्थान पर अव्यवस्थित रूप से खड़ी बसों की वजह से लगने वाले जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित बस चालकों एवं मालिकों को समझाइश दी गई। उन्हें निर्धारित स्थान पर वाहन खड़ा करने की हिदायत दी गई तथा नियम उल्लंघन पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
इसके अलावा, रैम्प वाले स्थान पर दोपहिया वाहनों को खड़ा कर पार्किंग व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध भी कार्यवाही की गई। यातायात पुलिस ने ऐसे वाहनों को हटवाया और चालकों को चेतावनी जारी की।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी बस स्टैण्ड क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी और कार्रवाई की जाएगी।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें





