छत्तीसगढ़जगदलपुर

बस्तर को मिली 55 करोड़ की सड़क निर्माण की स्वीकृति, बदलेगी ग्रामीण तस्वीर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने जताया आभार, कहा – सड़क निर्माण से क्षेत्र में रोजगार, कृषि व आर्थिक गतिविधियों को मिलेगी नई रफ्तार

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बस्तर की जनता को दी करोड़ों के सड़क निर्माण की सौगात

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव के प्रयास से प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से 55 करोड़ की लागत से होगा सड़कों का निर्माण

विधायक किरण देव एवं क्षेत्र की जनता ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का माना आभार

जगदलपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के नेतृत्व में बस्तर अंचल को विकास की बड़ी सौगात मिली है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक श्री किरण देव के सतत प्रयासों से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत लगभग 55 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। यह निर्णय जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

प्रदेश सरकार की सुशासन नीति के तहत विकास की रोशनी अब ग्रामीण अंचलों तक मजबूती से पहुंच रही है। जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं को सशक्त बनाने की दिशा में सड़क, पुल, पुलिया और संपर्क मार्गों के निर्माण को प्राथमिकता दी गई है। इन कार्यों की स्वीकृति से क्षेत्रवासियों में नई उम्मीद और विश्वास का संचार हुआ है।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत नगरनार, दरभा एवं नानगुर मंडल के कुल 16 बहुप्रतीक्षित सड़कों के निर्माण को मंजूरी मिली है। इनमें तिरिया से पुलचा, मुंड़ा गड़ रोड से टोटापारा, कोलेंग से नेतानार, एनएच-30 से जड़ीगुड़ा पारा मारकेल, जामावाड़ा से काकरवाड़ा, जामावाड़ा रोड से कसरीपारा, नेतानार स्कूल से चेचालगुर, जीरा गांव रोड से खास पारा सहित कई महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग शामिल हैं, जिनके निर्माण से दूरस्थ गांव मुख्य मार्गों से जुड़ेंगे।

इन सड़कों के निर्माण से जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और प्रशासनिक सेवाओं तक ग्रामीणों की पहुंच और अधिक मजबूत होगी। इसके साथ ही कृषि उपज के परिवहन में सुविधा मिलने से किसानों को प्रत्यक्ष लाभ होगा और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति प्राप्त होगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री किरण देव ने सड़क निर्माण कार्यों की स्वीकृति पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा का सहृदय आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की सोच स्पष्ट है कि कोई भी क्षेत्र विकास से वंचित न रहे। सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।

श्री किरण देव ने कहा कि जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र में इन सड़कों की मांग वर्षों से की जा रही थी। क्षेत्रवासियों की मांग को ध्यान में रखते हुए राज्य शासन को पत्र लिखकर प्रस्ताव रखा गया, जिसे गंभीरता से लेते हुए शासन ने इन कार्यों को स्वीकृति प्रदान की। सड़क निर्माण से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे तथा ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आगे भी जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की श्रृंखला निरंतर जारी रहेगी और बस्तर का ग्रामीण अंचल विकास की मुख्यधारा से और अधिक सशक्त रूप से जुड़ेगा।

📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!

ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉

📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें

दिनेश के.जी. (संपादक)

सिर्फ खबरें लगाना हमारा मक़सद नहीं, कोशिश रहती है कि पाठकों के सरोकार की खबरें न छूटें..
Back to top button
error: Content is protected !!