विश्व पर्यावरण दिवस पर बीईओ कार्यालय में हुआ पर्यावरण संगोष्ठी का आयोजन

सीड बॉल निर्माण, पौधरोपण और “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से हरियाली बढ़ाने का संदेश
जगदलपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विकासखंड शिक्षा कार्यालय, जगदलपुर में पर्यावरण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रत्येक संकुल से एक-एक शिक्षक एंबेसडर के रूप में शामिल हुए। इसके साथ ही सभी संकुल समन्वयक एवं कार्यालय के कर्मचारी भी उपस्थित रहे। संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के महत्व, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों और हरियाली बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रत्येक संकुल से आए शिक्षक एंबेसडरों ने सीड बॉल (Seed Ball) निर्माण का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को प्रेरित किया। आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक संकुल को कम से कम 500 सीड बॉल तैयार करने का लक्ष्य भी दिया गया।
ग्रीन स्कूल बनाना सामूहिक दायित्व – अनिल दास
विकासखंड शिक्षा अधिकारी अनिल दास ने कहा कि यदि समय रहते पर्यावरण संरक्षण पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया, तो भविष्य में परिस्थितियाँ और अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकती हैं। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान ऑक्सीजन संकट का उल्लेख करते हुए प्रकृति संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया। साथ ही भूमिगत जल स्तर में गिरावट पर चिंता जताते हुए जल संरक्षण, प्लास्टिक के कम उपयोग और अधिकाधिक पौधारोपण का संकल्प लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय को “ग्रीन स्कूल” के रूप में विकसित करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनें – राजेश गुप्ता
सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री राजेश गुप्ता ने कहा कि सभी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील एवं उदार दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। उन्होंने अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
एक पेड़ माँ के नाम अभियान को बनाएं जनआंदोलन – गोपाल सिंह नाग
सीएमसी गोपाल सिंह नाग ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने शासन की “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर देते हुए विद्यालय परिसरों एवं हरियाली विहीन क्षेत्रों में पौधारोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने अपने जन्मदिवस पर लगाए गए लगभग 500 पौधों के संरक्षण का उदाहरण साझा कर सभी को प्रेरित किया।
वृक्षों की कटाई पर जताई चिंता
श्री देव राज खूटे ने कहा कि विकास की दौड़ में वृक्षों की लगातार कटाई गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण और उनके संरक्षण को आवश्यक बताया।
वृक्षों को बांधा रक्षासूत्र, लिया संरक्षण का संकल्प
संगोष्ठी के उपरांत महिला शिक्षिकाओं ने कार्यालय परिसर में वृक्षों पर रक्षासूत्र बांधकर पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षों की रक्षा का संकल्प लिया। साथ ही पौधारोपण कर समाज को हरियाली और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में मंडल संयोजक दीपक मौर्य, समस्त संकुल शैक्षिक समन्वयक, विभिन्न संकुलों से आए शिक्षक तथा कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें





