
प्रशासनिक अधिकारियों, ग्राम सभा अध्यक्षों और वन अधिकार समितियों के साथ पेसा, वनाधिकार व जनजातीय विकास पर करेंगे चर्चा
जगदलपुर। केन्द्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के वरिष्ठ विधिक सलाहकार एवं भारतीय आदिम जाति सेवक संघ (BAJSS) के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रकाश कुमार उइके 17 जुलाई को जगदलपुर प्रवास पर रहेंगे। उनके दौरे का मुख्य उद्देश्य आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों, पारंपरिक संस्कृति, रीति-रिवाजों और जनजातीय हितों के संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्यापक चर्चा करना है।
प्रवास के दौरान श्री उइके प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, ग्राम सभा अध्यक्षों, वन अधिकार समितियों तथा आदिवासी समाज के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में पाँचवीं अनुसूची, पेसा कानून, वनाधिकार मान्यता अधिनियम, जल-जंगल-जमीन से जुड़े अधिकार, ग्राम सभाओं के संवैधानिक अधिकार, सामुदायिक वन अधिकार, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान तथा आदिवासी विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।
इसके साथ ही आदिवासी समाज से जुड़े सामाजिक एवं कानूनी मुद्दों, अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन, भूमि विवाद, अतिक्रमण, कब्जा, संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण सहित अन्य जनजातीय हितों से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
दौरे के दौरान आदिवासी समाज के लोग अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों को लिखित आवेदन के माध्यम से प्रस्तुत कर सकेंगे। इच्छुक नागरिक राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केन्द्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग, नई दिल्ली के नाम संबोधित आवेदन देकर अपने मामलों पर चर्चा एवं आवश्यक सलाह प्राप्त कर सकते हैं।
श्री उइके का यह दौरा बस्तर में आदिवासी अधिकारों, ग्राम सभा सशक्तिकरण तथा जनजातीय विकास से जुड़े मुद्दों पर महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें





