छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभागसोशल

रामनवमीं की ऐतिहासिक शोभायात्रा में उमड़ा भक्तों का जनसैलाब, 02 किमी से भी लंबे भगवामय शोभायात्रा में गूंजता रहा ‘जय श्री राम’ का नारा, समापन में लगे 7-8 घंटे, देखें वीडियो..

जगदलपुर। भगवान राम के प्रकटोत्सव पर नवरात्र के अंतिम दिन विभिन्न हिंदू संगठनों ने भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया था। इस दौरान शोभायात्रा में बड़ी संख्या में रामभक्त सम्मिलित हुए। सुबह से ही नगर में राम भक्तों का जमावड़ा शुरू हो गया था और 04 बजते-बजते लोगों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि होती चली गई। पूरा शहर भगवामय हो गया, हर तरफ भगवा कपड़ो में रामभक्त दिखाई पड़ रहे थे। डीजे में राम भजन और रामभक्तों के जय श्री राम के नारों से जगदलपुर गुंजाएमान हो गया, शोभायात्रा लगभग 02 किलोमीटर से भी ज्यादा लंबी थी। डीजे की धुन पर युवा उत्साह के साथ थिरक रहे थे। वहीं बड़े बुजुर्ग भी बेहद उत्साह के साथ जय श्री राम के नारे लगाते हुए ताल मिला रहे थे।

शोभायात्रा का शहर के चौक-चौराहों में हुआ भव्य स्वागत

विशाल जन समूह के साथ निकल रही इस शोभायात्रा का स्थान-स्थान पर नगरवासियों ने स्वागत किया। संजय मार्केट रोड पर मराठा समाज व यादव समाज ने शोभायात्रा का स्वागत किया। राजीव भवन के सामने कांग्रेस के पदाधिकारियों ने शहर जिलाध्यक्ष राजीव शर्मा के नेतृत्व में रामभक्तों पर पुष्प वर्षा की। वहीं ममता वीडियो के सामने कांग्रेसियों ने शीतलपेय का वितरण किया। वहीं गुरुगोविंद सिंह चौक पर सिख समाज ने शर्बत का वितरण किया। शोभायात्रा के गुजरने वाले मार्ग पर सभी समाज के द्वारा स्वागत की तैयारी की गई थी। लाल चर्च चौक पर जहां मसीह समाज ने शर्बत वितरण की व्यवस्था की थी, वहीं चांदनी चौक में जनता कांग्रेस (जे) ने भी रामभक्तों के स्वागत की तैयारी कर रखी थी। इस दौरान जगदलपुर नगर वासियों द्वारा दंतेश्वरी मंदिर से आरंभ होने वाली शोभायात्रा के स्वागत के लिए वापस दंतेश्वरी मंदिर तक तैयारियां की गयीं थी।

शोभायात्रा की मॉनिटरिंग में प्रशासन की रही प्रमुख भूमिका

शोभायात्रा के निर्विघ्न संपन्न होने के लिए प्रशासन ने काफी तैयारियां कर रखी थी। अनुविभागीय दंडाधिकारी दिनेश नाग स्वयं शोभायात्रा की मॉनिटरिंग कर रहे थे, हालांकि प्रशासन को भी इतनी बड़ी संख्या में रामभक्तों के जुटने की अपेक्षा नहीं थी, पर अनुशासित शोभायात्रा ने पुलिस और प्रशासन का कार्य आसान कर दिया।

मातृशक्तियों की रही बड़ी संख्या में मौजूदगी

शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं जुटी थी और उनका उत्साह देखते ही बन रहा था। शहर में पहली बार इतनी बड़ी संख्या महिलाओं का शोभायात्रा में सम्मिलित होना लोगों के आकर्षण का केंद्र था। इस शोभायात्रा में महिलाओं ने भी बराबर भागीदारी का प्रदर्शन करते हुए कदम से कदम मिलाया और रामधुन पर झूमते रहे।

ऐतिहासिक शोभायात्रा ने बढ़ाया हिन्दुओं का उत्साह

अप्रत्याशित रामभक्तों की संख्या से हर तरफ उत्साह का माहौल देखने को मिला। दोपहर तकरीबन 2-3 बजे से प्रारंभ शोभायात्रा लगभग रात्रि 10 बजे के बाद सम्पन्न हुई। इस दौरान तकरीबन 30 हजार से भी अधिक की संख्या में रामभक्त शोभायात्रा में शामिल हुए। साथ ही हर गली मोहल्लों के लोग भी सड़कों पर शोभायात्रा देखने पहुंचे थे। हालांकि शोभायात्रा के समापन के बाद भी भजन संध्या से रामभक्तों का मन सिरहासार चौक में ही लगा रहा। जिसके बाद हर दूसरे से चर्चा में भव्य आयोजन को लेकर भारी प्रशंसा हो रही थी।

देखें वीडियो..

📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!

ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉

📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें

दिनेश के.जी. (संपादक)

सिर्फ खबरें लगाना हमारा मक़सद नहीं, कोशिश रहती है कि पाठकों के सरोकार की खबरें न छूटें..
Back to top button
error: Content is protected !!