जगदलपुर शहर में 25 फीट ऊंची और 40 टन वजनी भगवान गंगाधर शिव की विशाल प्रतिमा का हुआ अनावरण

भगवान गंगाधर शिव की विशाल प्रतिमा व नर्मदेश्वर शिव की स्थापना का अनुष्ठान हुआ शुरू, कायाशुद्धि के साथ हुआ अंकुरारोपण, मंडप संस्कार
जगदलपुर। शहर के ठाकुर अनुकूल देव वार्ड स्थित सीमांचल नगर में भगवान गंगाधर शिव की विशाल प्रतिमा के साथ ही श्री नर्मदेश्वर शिव की स्थापना का भव्य अनुष्ठान सोमवार से शुरू हो गया। इस दौरान यजमान के रूप में चंदन दास व उनकी धर्मपत्नी मौजूद रहीं। यहां सबसे पहले कायाशुद्धि हुई, जिसमें शरीर शुद्धि के साथ ही आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी पापों का शोधन किया। इसके बाद पंचगव्य प्राशन्न हुआ, जिसमें पंचगव्यों का सेवन कर यजमान ने कायाशुद्धि की। वहीं प्रायश्चित्त होम में आहूति डालकर उन्होंने रक्षा सूत्र धारण किया और पूजन संपन्न किया। बाद में शाम को अंकुरारोपण किया गया, जिसमें नवधान्यों का रोपण किया गया।

वहीं मंडप संस्कार में मंडप की शुद्धि, साज-सज्जा व निर्माण किया गया। आखिर में भगवान गंगाधर शिव की 25 फीट ऊंची और 40 टन वजनी विशाल प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस दौरान जहां बड़ी संख्या में यहां भक्त मौजूद थे, वहीं हर हर महादेव के जयघोष से वातावरण गुंजायमान हो गया।
साथ ही कल सुबह 8.55 बजे से कलश यात्रा, सूर्य पूजा, गो पूजन, यज्ञ मंडप देवता स्थापनम, अग्नि स्थापनम, रूद्र पारायण, चंडी पाठ व सुंदरकांड का पाठ का आयोजन किया जायेगा।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें





