छत्तीसगढ़जगदलपुर

जगदलपुर में जल्द शुरू होगी ‘5 रुपए में भरपेट भोजन’ योजना, महापौर संजय पाण्डे और आयुक्त प्रवीण वर्मा ने लिया स्थल का जायज़ा

जगदलपुर। शहर में निर्धन और श्रमिक परिवारों के लिए एक बड़ी राहत की पहल की जा रही है। शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना का संचालन शीघ्र ही जगदलपुर में शुरू किया जाएगा। इसके लिए संजय मार्केट पुलिस चौकी के निकट होलसेल सब्जी मार्केट के प्रथम तल का चयन किया गया है। श्रम पदाधिकारी कार्यालय द्वारा निगम आयुक्त को इस संबंध में पत्र भी जारी कर दिया गया है।

इस योजना के तहत गरीब और श्रमिक परिवारों को मात्र 5 रुपए में भरपेट पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। भोजन में पका हुआ चावल, दाल, सब्जी, अचार सहित अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री शामिल होगी। योजना का मुख्य उद्देश्य निर्धन वर्ग के लोगों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण भोजन प्रदान करना है।

बस्तर जिले सहित अन्य जिलों में भी इस योजना का विस्तार किया जा रहा है। श्रम विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत श्रमिक इस योजना का लाभ उठा सकेंगे। यदि कोई निर्माण श्रमिक अभी पंजीकृत नहीं है, तो उसे भी योजना का लाभ मिलेगा, बशर्ते वह संबंधित मंडल में अपना पंजीयन कराए।
योजना की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर अधिकारियों द्वारा भोजन का परीक्षण भी किया जाएगा।

योजना की तैयारी का जायजा लेने के लिए महापौर संजय पाण्डे अपने एमआईसी सदस्यों, पार्षदों और नगर निगम अधिकारियों के साथ स्थल पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा तथा निगम के अन्य अधिकारी और स्टाफ भी उपस्थित रहे।

महापौर संजय पाण्डे ने कहा, “शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना श्रमिकों और गरीब परिवारों के लिए वरदान साबित होगी। मात्र 5 रुपए में भरपेट भोजन उपलब्ध कराना हमारी प्रतिबद्धता है।”

इस दौरान निर्मल पाणिग्रही, संजय विश्वकर्मा, लक्ष्मण झा, पंकज आचार्य, कृष्णा ठाकुर, विरेंद्र जोशी सहित नगर निगम की टीम उपस्थित रही।

📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!

ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉

📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें

दिनेश के.जी. (संपादक)

सिर्फ खबरें लगाना हमारा मक़सद नहीं, कोशिश रहती है कि पाठकों के सरोकार की खबरें न छूटें..
Back to top button
error: Content is protected !!