छत्तीसगढ़

कलेक्टर के निर्देश पर धान खरीदी केन्द्र के तीन प्रभारी निलंबित, डाटा एन्ट्री ऑपरेटर बर्खास्त

सीजीटाइम्स। 28 जनवरी 2019

जगदलपुर। कलेक्टर डॉ. अय्याज तम्बोली के निर्देश पर सहकारिता विभाग द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए धान खरीदी केन्द्रों में अनियमितता बरतने वाले तीन खरीदी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही एक डाटा एन्ट्री ऑपरेटर की सेवाएं समाप्त कर दी गई है तथा तोकापाल लेम्पस मैनेजर कमलू कश्यप को हटा दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि 25 जनवरी को अनुविभागीय अधिकारी द्वारा बस्तर तहसील की धान खरीदी केन्द्र बस्तर, तोकापाल तहसील की धान खरीदी केन्द्र बडे़मुरमा, धान खरीदी केन्द्र तोकापाल तथा दरभा तहसील की धान खरीदी केन्द्र चिंगपाल का आकस्मिक निरीक्षण किया गया था। इन केन्द्रों में धान खरीदी में अनियमितता बरतने पर कलेक्टर द्वारा खरीदी केन्द्र बस्तर, तोकापाल और बडे़मुरमा के खरीदी प्रभारी को निलंबित करने तथा खरीदी केन्द्र चिंगपाल के डाटा एन्ट्री ऑपरेटर को बर्खास्त करने के निर्देश उप पंजीयक सहकारी समिति को दिए गए थे।

कलेक्टर के निर्देश पर धान खरीदी केन्द्र बस्तर के खरीदी प्रभारी शिरीश विश्वकर्मा, तोकापाल के खरीदी प्रभारी रोहित कच्छ तथा खरीदी केन्द्र बड़ेमुरमा के खरीदी प्रभारी देवेन्द्र सेठिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही खरीदी केन्द्र चिंगपाल के डाटा एन्ट्री ऑपरेटर महादेव मौर्य की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है। इसी तरह तोकापाल लेम्पस के मैनेजर कमलू कश्यप को हटा दिया गया है। उनके स्थान पर अनत पांडेय को लेम्पस मैनेजर पदस्थ किया गया है। उपरोक्त कार्यवाही के फलस्वरूप धान खरीदी केन्द्र बस्तर में खरीदी प्रभारी सहदेव बघेल तथा खरीदी केन्द्र बड़ेमुरमा में खरीदी प्रभारी उमेश सेठिया को पदस्थ किया गया है। इसी तरह धान खरीदी केन्द्र चिंगपाल के डाटा एन्ट्री ऑपरेटर की सेवाएं समाप्त किए जाने के फलस्वरूप उनके स्थान पर ईश्वर दास को डाटा एन्ट्री ऑपरेटर का कार्य दिया गया है।

📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!

ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉

📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें

दिनेश के.जी. (संपादक)

सिर्फ खबरें लगाना हमारा मक़सद नहीं, कोशिश रहती है कि पाठकों के सरोकार की खबरें न छूटें..
Back to top button
error: Content is protected !!