लोकमाता अहिल्याबाई की 300वीं जयंती पर संगोष्ठी और सम्मान समारोह, सेवा, समर्पण और न्याय का दिया गया संदेश

जगदलपुर। नगर निगम द्वारा पुण्यश्लोक रानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार (टाउन हॉल) में संगोष्ठी, प्रदर्शनी और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बस्तर सांसद महेश कश्यप, मुख्य वक्ता राजबहादुर सिंह राणा, अध्यक्षता महापौर संजय पाण्डे ने की, वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक संतोष बाफना, लच्छूराम कश्यप, पीएससी के पूर्व सदस्य शिव नारायण पांडे, जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे और पूर्व जिला अध्यक्ष विद्याशरण तिवारी मंच पर उपस्थित रहे।
इस अवसर पर स्वच्छता दीदियों और स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
मुख्य वक्ता राजबहादुर सिंह राणा ने रानी अहिल्याबाई के जीवन से प्रेरणा लेने की बात करते हुए कहा कि हमें न केवल उनके विचारों का अध्ययन करना चाहिए बल्कि उसे अपने जीवन में उतारना भी चाहिए। उन्होंने न्याय, परोपकार और धर्म का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया, इसीलिए वे लोकमाता के रूप में प्रसिद्ध हुईं।
सांसद महेश कश्यप ने रानी अहिल्याबाई को साहसी, न्यायप्रिय और परोपकारी बताते हुए कहा कि भारत देश सनातन परंपराओं का देश है, हमें अपने महान पूर्वजों से प्रेरणा लेनी चाहिए। अहिल्याबाई ने राज्य और संस्कृति दोनों की रक्षा की।
वरिष्ठ भाजपा नेता शिव नारायण पांडे ने कहा कि अहिल्याबाई ने जो सोचा, उसे करके दिखाया। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में जो योगदान दिया, वह आज भी अनुकरणीय है।
महापौर संजय पाण्डे ने रानी अहिल्याबाई के नेतृत्व को समर्पण और सेवा का प्रतीक बताया। महापौर संजय पाण्डे ने कहा कि रानी अहिल्याबाई का जीवन एक साधारण कन्या से असाधारण सम्राज्ञी बनने की प्रेरणादायक यात्रा है। उन्होंने अपने कार्यों से यह सिद्ध किया कि नेतृत्व शक्ति में नहीं, सेवा में है, शासन में नहीं, समर्पण में है।
जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे ने अहिल्याबाई की न्यायप्रियता और समाज सेवा को रेखांकित किया, वहीं एमआईसी सदस्य लक्ष्मण झा ने उन्हें महिला सशक्तिकरण की प्रतीक बताया।
इस अवसर पर स्पीकर खेमसिंह देवांगन, श्रीनिवास मिश्रा, आनंद मोहन मिश्रा, निर्मल पानीग्रही, सुरेश गुप्ता, संग्राम सिंह राणा, कलावती कसेर, महेश्वरी ठाकुर, कौशल्या साहू, रंजीता पानीग्राही, नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, भाजपा कार्यकर्ता एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।