क्राइमछत्तीसगढ़जगदलपुर

सायबर अपराधियों पर बस्तर पुलिस की बड़ी कार्यवाही, देशभर से 1.15 करोड़ की ठगी का हुआ खुलासा

APK फाईल के द्वारा तथा ई-मेल हैक कर रकम उड़ाने वाले गैंग के 3 शातिर आरोपी गिरफ्तार  

बस्तर पुलिस ने मुम्बई तथा जामताड़ा से आरोपियों को किया गिरफ्तार

जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने सायबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए देशभर में ठगी करने वाले एक गिरोह के तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी एपीके फाइल और ई-मेल हैकिंग के जरिये लोगों के बैंक खातों से रकम उड़ा रहे थे। मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अब्दुल मजीद, कार्तिकेय राय उर्फ सत्यम और संतोष कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक श्री शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में बनी विशेष टीम ने मुम्बई और झारखंड के जामताड़ा जिले से इन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी गिरफ्तारी के बाद पूछताछ और दस्तावेजी जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने देशभर के विभिन्न राज्यों से 1 करोड़ 15 लाख 77 हजार से अधिक की सायबर ठगी की है।

गिरोह का मास्टरमाइंड अब्दुल मजीद पूर्व में मुरसिदाबाद में डकैती और मुंबई में सायबर फ्रॉड के मामले में भी गिरफ्तार हो चुका है। मजीद और उसके साथियों ने लगभग 150 फर्जी बैंक खाते आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) में खुलवाकर ठगी की रकम को ट्रांसफर किया। ये आरोपी हवाई यात्रा कर देश के विभिन्न हिस्सों में जाकर खातों में पैसे निकालते थे।

ठगी का तरीका और शिकायतकर्ता का मामला

जगदलपुर निवासी अमलेश कुमार ने थाना बोधघाट में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 21 जनवरी 2025 को उनके मोबाइल पर एक्सिस बैंक के कस्टमर केयर के नाम पर एक कॉल आया। उन्होंने लोन लेने से मना कर दिया, लेकिन उसी दिन शाम को उनके खाते से कुल 7,33,013 रुपये की रकम नेटबैंकिंग के माध्यम से निकाल ली गई। बैंक से जानकारी मिलने पर पता चला कि किसी ने उनकी ई-मेल आईडी को हैक कर उनके नाम पर लोन लेकर रकम ट्रांसफर की है।

इस शिकायत पर बोधघाट थाना में अपराध क्रमांक 47/2025 धारा 318(4) बीएनएस व 66(डी) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया और तकनीकी जांच शुरू की गई।

मौके से भारी मात्रा में सामग्री जब्त

गिरफ्तार आरोपियों के पास से 07 मोबाइल, 05 सिम कार्ड, 14 एटीएम/डेबिट/क्रेडिट कार्ड, 02 पैन कार्ड, 04 आधार कार्ड, 08 चेक बुक, 26800 रुपये नकद, बायोमेट्रिक फिंगर प्रिंट स्कैनर (थम मशीन), एटीएम स्वाइप मशीन और 03 पासबुक बरामद की गईं।

देशभर में फैला ठगी का जाल

बैंक खातों की जांच में पता चला कि आरोपियों ने बिहार, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, आंध्रप्रदेश, दिल्ली, कर्नाटका, पंजाब, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, केरल, तमिलनाडु और छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों से फर्जी बैंक खातों के जरिए ठगी की। इन खातों से प्राप्त शिकायतों की संख्या 46 से अधिक है। आरोपियों के खातों में विभिन्न राज्यों से कुल 1.15 करोड़ रुपये की रकम जमा हुई है।

गिरोह के सदस्य और उनकी पहचान

  1. अब्दुल मजीद पिता सादिर मिया, उम्र 45 वर्ष, निवासी जामताड़ा, झारखंड।
  2. कार्तिकेय राय उर्फ सत्यम पिता शक्ति राय, उम्र 20 वर्ष, मूल निवासी आजमगढ़, उत्तर प्रदेश।
  3. संतोष कुमार पिता मधुबन प्रसाद, उम्र 41 वर्ष, निवासी आजमगढ़, उत्तर प्रदेश।

महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मी:

इस पूरे ऑपरेशन में निरीक्षक गौरव तिवारी, शिवानंद सिंह, दिलबाग सिंह, लीलाधर राठौर, सउनि. अजीत सिंह, प्र.आर. उमेश चंदेल, पवन श्रीवास्तव, आर. भुपेन्द्र नेताम, गौतम सिन्हा, युवराज सिंह ठाकुर, धर्मेन्द्र ठाकुर, मुकुंद राम भण्डारी, रवि कुमार बघेल, कृष्ण कुमार सावडे़, म.आर. राधिका नेताम की अहम भूमिका रही।

📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!

ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉

📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें

दिनेश के.जी. (संपादक)

सिर्फ खबरें लगाना हमारा मक़सद नहीं, कोशिश रहती है कि पाठकों के सरोकार की खबरें न छूटें..
Back to top button
error: Content is protected !!