
विकास हमारा संकल्प और जनता का अधिकार है – किरण देव

जगदलपुर। जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के दरभा विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम चिंगपाल में आज विकास के एक नए युग का आरंभ हुआ। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री किरण देव तथा चित्रकूट विधायक श्री विनायक गोयल ने यहां 92.37 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत बहुप्रतीक्षित विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना एवं बस्तर विकास प्राधिकरण के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की आधारशिला रखी गई। इनमें ग्राम चिंगपाल (माशा मांझी गुड़ा) में सायकल स्टैंड निर्माण (लागत ₹10.50 लाख), ग्राम लेण्ड्रा में सीसी सड़क निर्माण (₹7.80 लाख), व्यवसायिक परिसर निर्माण (₹15 लाख), ग्राम ककनार में सांस्कृतिक भवन (₹5 लाख) एवं सीसी सड़क (₹5.20 लाख), ग्राम कोयनार में सीसी सड़क (₹5.20 लाख), ग्राम कोटमसर में प्रतीक्षा शेड (₹12.77 लाख), ग्राम कान्दानार में सीसी सड़क (₹2.70 लाख), ग्राम छिन्दपुर में नवीन प्राथमिक शाला भवन निर्माण (₹20.30 लाख), तथा ग्राम सेड़वा में सीसी सड़क निर्माण (₹8 लाख) शामिल हैं।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए श्री किरण देव ने कहा कि हमारी सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है। जनता की वर्षों पुरानी मांगों को गंभीरता से लेते हुए, हम क्षेत्र में सड़क, नाली, पेयजल, शिक्षा, विद्युत सहित सभी मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में चौमुखी विकास हो रहा है और बस्तर की तस्वीर बदल रही है। क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप हर ग्राम, हर गली तक विकास पहुंचाना हमारा कर्तव्य है और हम इस पर खरे उतरने का निरंतर प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता और तय समय-सीमा में पूर्ण किए जाएंगे।
विधायक श्री विनायक गोयल ने भी अपने उद्बोधन में कहा कि दरभा क्षेत्र में आज जो भूमिपूजन हुआ है, वह सिर्फ ईंट-पत्थर का कार्य नहीं बल्कि यह जनआकांक्षाओं की पूर्ति की दिशा में एक ठोस कदम है। हमारी सरकार का स्पष्ट उद्देश्य है कि बस्तर के हर कोने तक विकास पहुंचे और जनता को समृद्ध जीवन मिले।
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की उपस्थिति रही। प्रमुख रूप से विधाशरण तिवारी, जनपद अध्यक्ष श्रीमती मानकदई कश्यप, उपाध्यक्ष हरिप्रसाद, जिला पंचायत सदस्य संपत्ति नाग, जनपद सदस्य गागराराम, जयमनी, मंडल अध्यक्ष देवीप्रसाद बेंजाम, सरपंच जयराम बधेल, सूबेदार बधेल, संतोष बधेल, फूलसिंह सेठिया, अंनत राम, महेन्द्र बधेल, जनपद सीईओ वीरेन्द्र बहादुर, डीईओ बलिराम बधेल एवं बीईओ जगदीश पात्र सहित क्षेत्र की देवतुल्य जनता इस मौके पर उपस्थित रही। यह कार्यक्रम न केवल विकास का प्रतीक बना, बल्कि यह साबित किया कि जब नेतृत्व मजबूत हो और इरादे नेक हों, तो क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सकता है।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें





