छत्तीसगढ़जगदलपुर

स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर की ओर बड़ा कदम : जगदलपुर में विकास की नई रफ्तार, 1006 लाख से 3.35 किमी सड़कों का कायाकल्प, महापौर बोले – रात होगी रोशन, दिन होगा सुगम, सड़क, नाली और लाइट से होगा सौंदर्यीकरण

महापौर संजय पाण्डे की ऐतिहासिक पहल : 1006.12 लाख से 3.35 किमी सड़कों का होगा चौड़ीकरण, नाली निर्माण व एलईडी स्ट्रीट लाइटिंग और रोड डिवाइडर लगाया जायेगा

विकास की नई इबारत लिख रहे हैं महापौर संजय पाण्डे

बदलता बस्तर, बढ़ता जगदलपुर – स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर की ओर एक बड़ा कदम

हर रास्ता अब विकास की ओर – जगदलपुर को मिलेगा नया रूप – महापौर संजय पाण्डे


जगदलपुर। नगर पालिक निगम जगदलपुर के महापौर श्री संजय पाण्डे के नेतृत्व में शहर के विकास को नई दिशा देने वाली एक ऐतिहासिक योजना की शुरुआत होने जा रही है। आज सुबह उन्होंने अपनी टीम के साथ शहर के विभिन्न वार्डो का आकस्मिक निरीक्षण किया। समुंद चौक से लेकर लालबाग तक पैदल भ्रमण कर शहर को सुंदर बनाने की योजना तय की गई। स्टेट बैंक चौक के पास, लालबाग आमागुड़ा, खड़कघाट के पास, पुराना पुल, लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास, समुन्द चौक, रोटरी क्लब के पास, सर्किट हाउस रोड, लालबाग नक्षत्र वाटिका, गायत्री नगर सहित विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया गया। मालूम हो कि शहर के विभिन्न स्थलों का चौड़ीकरण किया जाना प्रस्तावित है। जहां पोल ही नहीं लगा है वहां पोल लगाया जाएगा। कुछ स्थानों पर डिवाइडर लगाया जाएगा। चौक, चौराओं का कायाकल्प होगा। वहीं कुछ स्थानों पर पेवर ब्लॉक भी लगाया जाएगा। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, लक्ष्मण झा, नगर निगम के आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा उपस्थित रहे।
शहर के चार प्रमुख मार्गों पर कुल 3.35 किलोमीटर लंबाई में 1006.12 लाख (10.06 करोड़ रुपये) की लागत से सड़क चौड़ीकरण, डामरीकरण, आरसीसी नाली निर्माण एवं एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य प्रस्तावित है, जिसके क्रियान्वयन से शहर के यातायात, जल निकासी और रात्रिकालीन सुरक्षा में क्रांतिकारी सुधार होगा।

मुक्तिधाम से समुंद चौक तक विकास कार्यों के लिए 213.10 लाख स्वीकृत

नगर निगम द्वारा 810 मीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण, डामरीकरण, 1000×1200 मिमी आरसीसी नाली निर्माण और स्ट्रीट लाइट पोल लगाने हेतु 213.10 लाख की योजना बनाई गई है। यह मार्ग न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि आवागमन की दृष्टि से भी अत्यंत उपयोगी है। कार्य पूर्ण होने पर यह क्षेत्र और अधिक व्यवस्थित और आकर्षक रूप में परिवर्तित होगा।

समुंद चौक से पावर हाउस चौक होते हुए पंचपथ से गौरव पथ तक 550.67 लाख

नगर निगम द्वारा 1690 मीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण, डामरीकरण, आरसीसी नाली निर्माण (1000×1200 मिमी) और एलईडी स्ट्रीट लाइटिंग का प्रस्ताव तैयार किया गया है। यह मार्ग शहर के मध्य से होकर गुजरने वाला एक प्रमुख ट्रांजिट कॉरिडोर है, जिससे हजारों नागरिकों का रोजाना आना-जाना होता है। कार्य पूर्ण होने पर यह क्षेत्र भीड़-भाड़ से मुक्त और सुचारु यातायात का उदाहरण बनेगा।

गौरव पथ से लालबाग होते हुए आमागुड़ा चौक तक 241.65 लाख

850 मीटर लंबी इस सड़क के उन्नयन के लिए 241.65 लाख की स्वीकृति दी गई है। यहां बिटुमिनस सड़क चौड़ीकरण, नाली निर्माण और स्ट्रीट लाइट पोल लगाए जाएंगे। यह मार्ग शहर के अत्यंत सक्रिय क्षेत्र को जोड़ता है और इसके सौंदर्यीकरण से स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

पुराने इंद्रावती पुल से समुंद चौक तक विकास कार्यों के लिए 213.80 लाख रू. स्वीकृत

महापौर संजय पाण्डे की एक और दूरदर्शी योजना के अंतर्गत इंद्रावती नदी पुल से समुंद चौक तक की सड़क पर 213.80 लाख की लागत से 733.22 मीटर सड़क चौड़ीकरण, 1200×1500 एवं 1000×1200 मिमी आरसीसी नालियों का निर्माण तथा स्ट्रीट लाइटिंग की जाएगी। यह मार्ग शहर को बाहरी क्षेत्रों से जोड़ता है और व्यस्ततम सड़कों में से एक है।

महापौर संजय पांडे का विजन – “बदलता बस्तर, बढ़ता जगदलपुर”

महापौर संजय पाण्डे ने कहा है कि यह केवल सड़कों के निर्माण की योजना नहीं है, बल्कि शहर की पहचान और सुविधा दोनों को नई ऊंचाई देने का प्रयास है। हमारी प्राथमिकता है कि जगदलपुर की जनता को बेहतर, सुरक्षित और टिकाऊ अधोसंरचना मिले। ये सभी कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और गति के साथ पूरे किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना नागरिकों के सहयोग, जनप्रतिनिधियों की सहभागिता और निगम अधिकारियों के सतत प्रयासों से साकार हो रही है। महापौर ने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी महीनों में जगदलपुर शहर एक नया, आधुनिक स्वरूप लेगा।
नगर निगम जगदलपुर आने वाले समय में इसी प्रकार शहर के अन्य मार्गों को भी चरणबद्ध रूप से दुरुस्त और आधुनिक बनाने की दिशा में कार्य करता रहेगा।

महापौर संजय पाण्डे ने जताया शीर्ष नेतृत्व का आभार

महापौर संजय पाण्डे ने शहर के जीर्णोद्धार कार्य को मूर्त रूप देने में सहयोग देने वाले शीर्ष नेतृत्व के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री किरण देव, उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री व उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी, मंत्री श्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप सहित सभी जनप्रतिनिधियों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह कार्य हम सभी की साझा संकल्पशक्ति और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है।

📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!

ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉

📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें

दिनेश के.जी. (संपादक)

सिर्फ खबरें लगाना हमारा मक़सद नहीं, कोशिश रहती है कि पाठकों के सरोकार की खबरें न छूटें..
Back to top button
error: Content is protected !!