
जगदलपुर। फार्मेसी करने के इच्छुक युवाओं के लिए आदिवासी अंचल बस्तर में शासकीय फार्मेसी कॉलेज की कमी को देखते हुए भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक संतोष बाफना ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल एवं स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया को पत्र लिखकर जगदलपुर में शासकीय फार्मेसी कॉलेज की स्थापना की मांग की है।
पूर्व विधायक बाफना ने कहा है कि, आदिवासी अंचल बस्तर में शासकीय फार्मेसी कॉलेज न होने से यहॉ के युवाओं को फार्मेसी शिक्षा प्राप्त करने के लिए राजधानी रायपुर या फिर दूसरे राज्य की ओर अपना रूख करना पड़ रहा है और निजी फार्मेसी संस्थान से शिक्षा प्राप्त करना हर किसी के लिए संभव नहीं है, खासकर उन लोगों के लिए जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं। बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर में शासकीय फार्मेसी कॉलेज स्थापित करने की मांग के पीछे मुख्य उद्देश्य केवल इस आदिवासी क्षेत्र में स्वास्थ्य शिक्षा के अवसरों को बढ़ाना और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र को मजबूत करना है। ताकि बस्तर के युवाओं को फार्मासिस्ट, ड्रग इंस्पेक्टर, गुणवत्ता नियंत्रण विशेषज्ञ, चिकित्सा लेखक और नैदानिक अनुसंधान सहयोगी के रूप में तैयार करके अंचल के अंदरूनी क्षेत्र जो स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं की कमी से जूझ रहे हैं उस कमी को पूरा किया जा सके और फार्मेसी शिक्षा के माध्यम से युवाओं को सशक्त और बेहतर भविष्य के लिए तैयार किया जा सके।
बस्तर में स्वास्थ्य सेवाओं की कमी को एक बहुत बड़ी चुनौती बताते हुए बाफना ने आगे कहा है कि, इस आदिवासी अंचल बस्तर में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए योग्य फार्मासिस्टों की अधिक आवश्यकता है और एक शासकीय फार्मेसी कॉलेज की स्थापना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के साथ युवाओं के विकास में वरदान साबित हो सकता है। एवं इसकी स्थापना से डिग्री या डिप्लोमा प्राप्त करने के लिए यहॉ के स्थानीय युवाओं को बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी व उनके माता-पिता भी आर्थिक रूप से प्रभावित नहीं होंगे। इसके अलावा फार्मेसी क्षेत्र में अधिक योग्य पेशेवरों की उपलब्धता होने से बस्तर में फार्मेसी उद्योग के लिए निवेश को आकर्षित किया जा सकता है, जिससे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
पत्र के आखिर में बाफना ने फार्मेसी को स्वास्थ्य सेवा प्रणाली का एक अभिन्न अंग बताते हुए मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री एवं स्वास्थ्य सचिव से इस मामले पर जनहित में गंभीरता से विचार करने और बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर में एक शासकीय फार्मेसी कॉलेज की स्थापना के लिए आवश्यक पहल करने आग्रह किया है।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें





