त्यौहारी सीज़न से पहले सड़क हादसों पर अंकुश लगाने बस्तर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, 27 बस-ट्रक सहित 68 वाहन चालकों पर बड़ी कार्रवाई

बस चालक और परिचालकों को कड़ी चेतावनी, मुसाफिरों के साथ बदसलूकी पर होगा सीधा एफआईआर दर्ज
जगदलपुर। त्यौहारी सीजन को देखते हुए सड़क हादसों पर अंकुश लगाने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन सतर्क हो चुका है। जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए बस्तर पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सोमवार को सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान 68 वाहनों पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई, जिसमें 27 बस और ट्रक प्रमुख रूप से शामिल हैं।
प्रमुख कार्रवाई –
- स्पीड गवर्नर उल्लंघन – 07
- तेज रोशनी / बहुरंगी लाइट – 12
- प्रेशर हॉर्न – 07
- ओवर स्पीड – 09
- बिना सीट बेल्ट – 11
- अन्य विभिन्न उल्लंघन – 22
इस अभियान में घाट लोहंगा, आमागुड़ा चौक, एनएमडीसी चौक जैसे संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की कड़ी जांच की गई। विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने, हाई बीम लाइट और प्रेशर हॉर्न के मामलों में सख्ती बरती गई।
पुलिस ने सभी बस चालकों और परिचालकों को कड़ी चेतावनी दी है कि मुसाफिरों के साथ बदसलूकी की शिकायत पर सीधी एफआईआर दर्ज की जाएगी। यात्रियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं होगा।
पुलिस की सख्ती का उद्देश्य साफ है – यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करना और जन-धन की हानि को रोकना। आने वाले त्यौहारी सीजन को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें





