छत्तीसगढ़जगदलपुरसोशल

रात के अंधेरे में चमकेगी बस्तर पुलिस की मुस्तैदी : रात में सुरक्षित सफर के लिए दुर्घटना से पहले सजगता, बास्तानार घाटी में खराब ट्रक के पास लगाए गए स्टॉपर और रेडियम स्टीकर

सावधानी ही सुरक्षा : यातायात पुलिस का हाईवे अलर्ट, खराब ट्रक बना खतरा, बस्तर पुलिस ने संभाला मोर्चा

जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को गंभीरता से लेते हुए आज बास्तानार घाटी में एक खराब ट्रक के पास तत्काल स्टॉपर व रेडियम स्टीकर लगाकर सतर्कता का परिचय दिया। यह ट्रक सड़क पर खराब हालत में खड़ा था, जिसे तमाम कोशिशों के बावजूद हटाया नहीं जा सका। ऐसे में दुर्घटना की संभावना को देखते हुए यातायात शाखा जगदलपुर की टीम ने मौके पर पहुंचकर सावधानी के चिन्ह (स्टॉपर) लगाए और ट्रक पर रेडियम स्टीकर चिपकाए ताकि रात के समय वाहन चालकों को दूर से ही इसका पता चल सके।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ कुमार सिन्हा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के निर्देश पर की गई, जिनका स्पष्ट निर्देश है कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु हर संभव सतर्कता और तत्काल उपाय किए जाएं, जिससे आमजनता सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य तक पहुंच सके।

उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष जैन ने बताया कि हाल ही में एक ऐसी ही लापरवाही के चलते सड़क किनारे खड़े ट्रक से एक यात्री बस टकरा गई थी, जिसमें कई लोग बुरी तरह से घायल हो गये थे। ऐसे हृदयविदारक हादसे की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए पुलिस अब हर स्थिति में सावधानी को सर्वोपरि मान रही है।

बस्तर पुलिस ने हाईवे पर सफर कर रहे सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे विशेष सावधानी बरतें, खासकर रात के समय धीमी गति से वाहन चलाएं, गतिसीमा का ध्यान रखते हुए सड़क किनारे खड़े वाहनों से दूरी बनाए रखें और ट्रैफिक चिन्हों का पालन करें। थकान की स्थिति में वाहन चलाने से बचें एवं वागन चलाते वक्त मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करें।

बस्तर पुलिस का यह प्रयास ‘सुरक्षित सफर – सुरक्षित जीवन’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक ठोस कदम है।

📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!

ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉

📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें

दिनेश के.जी. (संपादक)

सिर्फ खबरें लगाना हमारा मक़सद नहीं, कोशिश रहती है कि पाठकों के सरोकार की खबरें न छूटें..
Back to top button
error: Content is protected !!