
नगर निगम को मिले 10446 अंक, महापौर ने जनता को दी ऐतिहासिक उपलब्धि की बधाई

जगदलपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में बस्तर की राजधानी जगदलपुर ने एक नई इबारत लिख दी है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 के परिणामों में जगदलपुर ने 107वें स्थान से छलांग लगाकर देशभर में 15वां और छत्तीसगढ़ में दूसरा स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि नगर के लिए न केवल गर्व का विषय है बल्कि यह दर्शाती है कि एक मजबूत नेतृत्व और जागरूक जनता मिलकर असंभव को भी संभव बना सकती है।
महज साढ़े चार महीने पहले तक पिछड़े शहरों की सूची में आने वाला जगदलपुर आज स्वच्छता के राष्ट्रीय मानचित्र पर अपनी पहचान दर्ज करा चुका है। यह सब संभव हो पाया है नगर निगम जगदलपुर के महापौर संजय पांडे की दूरदर्शिता, मजबूत इच्छाशक्ति और आम जनता के सहयोग से। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर महापौर ने नगरवासियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि “यह सम्मान जनता के विश्वास और योगदान की वजह से ही संभव हो पाया है।”
स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में जगदलपुर को कुल 12500 में से 10446 अंक प्राप्त हुए हैं। इसमें स्वच्छता मूल्यांकन के अंतर्गत 10000 में से 8841 अंक, गार्बेज फ्री सिटी के तहत 1300 में से 800 अंक और खुले में शौच मुक्त मानकों में 1200 में से 1000 अंक अर्जित किए गए हैं। महापौर ने इस प्रदर्शन को जनता की सजगता, निगम कर्मचारियों की मेहनत और स्वच्छता दीदियों की प्रतिबद्धता का परिणाम बताया है।
इस अवसर पर महापौर संजय पांडे ने कहा कि मैं जगदलपुर की जनता को हृदय से धन्यवाद देता हूं। यह सिर्फ एक रैंक नहीं, यह हमारे संकल्प और सहयोग का परिणाम है। यह सिद्ध करता है कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के स्वच्छ भारत अभियान और विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को पूरा करने में जगदलपुर की जनता कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है।
महापौर ने बताया कि नगर की सबसे बड़ी समस्या नुक्कड़ों, गलियों और नालियों में कचरा एकत्रित होने की थी। इसके लिए लगातार जनजागरूकता अभियान चलाए गए, लापरवाह लोगों पर कार्रवाई की गई और जनता को गीला-सूखा कचरा अलग करने की समझाइश दी गई। यही प्रयास आने वाले समय में जगदलपुर को देश के शीर्ष 3 स्वच्छ शहरों की सूची में शामिल करने की दिशा में अग्रसर हैं।
महापौर ने यह भी बताया कि इस उपलब्धि में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, मंत्री केदार कश्यप और सांसद महेश कश्यप का मार्गदर्शन व सक्रिय सहयोग अत्यंत सराहनीय रहा है। उनके प्रयासों से जगदलपुर में आधारभूत सुविधाएं तेजी से विकसित हो रही हैं।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि बीते चार माह में नगर निगम को लगभग 50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की स्वीकृति प्राप्त हुई है, जिनमें से अधिकांश कार्य प्रगति पर हैं। दलपत सागर की सफाई जल्द शुरू की जा रही है, वहीं नगर की सड़कों के चौड़ीकरण हेतु 10 करोड़ से अधिक की स्वीकृति प्राप्त हुई है।
महापौर ने आगे कहा कि “हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे” यह केवल एक नारा नहीं, बल्कि यह जनता के विश्वास और सेवा के संकल्प की हमारी भावना है। हम अटल संकल्प पत्र में किए हर एक वादे को अक्षरशः निभाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारा लक्ष्य है – कचरा मुक्त, स्वच्छ, स्वस्थ और आदर्श जगदलपुर।
इस ऐतिहासिक अवसर पर महापौर संजय पांडे ने नगर निगम के पार्षदगण, अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता दीदी और सफाई मित्रों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह सम्मान हम सबकी साझा जीत है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के निरंतर सहयोग से जगदलपुर स्वच्छता, सुंदरता और विकास के नए आयाम गढ़ता रहेगा।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें




