बस्तर पुलिस ने कसा ओवरस्पीड पर शिकंजा : दस दिनों में 516 वाहनों पर कार्रवाई, ओवरस्पीड बसों की अब खैर नहीं, इंटरसेप्टर से हर चाल पर नज़र

ओवर स्पीड यात्री बस पर पुलिस की कड़ी कार्यवाही, इंटरसेप्टर कैमरे में हुई कैद
जगदलपुर। बस्तर पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत आज एक बड़ी कार्यवाही की गई। राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर सोनारपाल के पास तेज रफ्तार से दौड़ रही एक यात्री बस को पुलिस ने इंटरसेप्ट कर रोक दिया। बस 95 किमी/घंटा की रफ्तार से कोंडागांव से जगदलपुर की ओर आ रही थी, जबकि निर्धारित गति सीमा 80 किमी/घंटा है।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन और यातायात उप पुलिस अधीक्षक संतोष जैन के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के तहत बस, ट्रक और अन्य वाहनों पर लगातार नजर रखी जा रही है। आज की इस कार्यवाही में यातायात टीम के एएसआई सुदर्शन दुबे, प्रधान आरक्षक नंदकिशोर साहू, आरक्षक शेरू रामटेके और जगबंधु निषाद ने कार्रवाई करते हुए बस चालक के विरुद्ध मोटर यान अधिनियम के तहत चालानी कार्यवाही की।
पुलिस इंटरसेप्टर वाहन के कैमरे में ओवर स्पीड की यह घटना रिकॉर्ड हो गई थी, जिसके आधार पर यह कार्यवाही की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि स्पीड गवर्नर का उपयोग न करना और तय गति सीमा से अधिक वाहन चलाना गंभीर अपराध है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। अब तक 14 जुलाई से शुरू इस अभियान में कुल 516 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही की जा चुकी है।
- यातायात कार्यालय में हुई बैठक में दिए गए निर्देश
15 जुलाई को यातायात कार्यालय जगदलपुर में आयोजित बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग ने बस मालिकों और चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी व्यावसायिक वाहनों में स्पीड गवर्नर अनिवार्य रूप से लगाएं और निर्धारित गति सीमा में ही वाहन संचालन करें।
- पुलिस अधीक्षक की अपील
पुलिस अधीक्षक श्री शलभ कुमार सिन्हा ने आम जनता और वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क पर हमेशा यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षित सफर ही, सुरक्षित जीवन का आधार है। तेज गति से नहीं, संयम और नियमों के साथ चलें।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें





