
जगदलपुर। सेन समाज बस्तर जिला महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में सेनधाम भवन, कुम्हारपारा में सावन महोत्सव का पारंपरिक आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सेनजी महाराज की आरती वंदना से हुई, जिसके बाद सावन सखियों ने झूला झूलते हुए हरियाली गीतों की मधुर प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम में ‘उत्तम श्रृंगार’, ‘कुर्सी दौड़’, ‘चूड़ी कंचे’ जैसी आकर्षक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा से सभी का मन मोह लिया। विजेताओं को पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
इस आयोजन में प्रदेश महिला प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष काजल शांडिल्य और जिला अध्यक्ष श्रीमती नमिता श्रीवास की प्रमुख भूमिका रही। अपने उद्बोधन में श्रीमती नमिता श्रीवास ने महिलाओं के सनातन परंपराओं से जुड़े रहने, शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में गृह व कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही उन्होंने नशामुक्त समाज की आवश्यकता को रेखांकित करते हुए सभी सावन सखियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बस्तर संभाग से आईं दर्जनों सखियों ने सहभागिता निभाई और पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें




