महापौर की पहल को मंत्री का समर्थन : जगदलपुर में स्वच्छता अभियान बना जन आंदोलन, मंत्री से लेकर आमजन हुए शामिल

स्वास्थ्य मंत्री की अपील – गीला-सूखा कचरा अलग करें, स्वच्छ जगदलपुर बनाएं
जगदलपुर। नगर निगम द्वारा विगत 22 दिनों से चलाया जा रहा स्वच्छता जागरूकता अभियान अब शहरवासियों की भागीदारी से एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है। आज इस अभियान में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष दीपक म्हस्के भी शामिल हुए।
मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने नागरिकों से संवाद करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की नहीं, हर नागरिक की जिम्मेदारी है। गीला और सूखा कचरा अलग रखें और शहर को मिलकर स्वच्छ बनाएं।उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे कचरे का सही तरीके से निस्तारण करें और गाड़ियों के समय पर कचरा सौंपें।
वहीं छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष दीपक म्हसके ने कहा कि जगदलपुरवासियों में जो उत्साह देखा, वह पूरे प्रदेश के लिए मिसाल बन सकता है।
यह अभियान 14 जुलाई को महापौर संजय पाण्डे के नेतृत्व में शुरू हुआ था और अब तक यह शहर के हर कोने तक पहुंच चुका है। स्वच्छता रैलियों, पाम्पलेट वितरण और वार्ड स्तर पर जन संवाद के ज़रिए आमजन को लगातार जागरूक किया जा रहा है।
महापौर संजय पाण्डे ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल स्वच्छता रैंकिंग में आगे आना नहीं, बल्कि लोगों को जिम्मेदार बनाना है। जब तक हर नागरिक नहीं जुड़ता, तब तक स्थायी परिवर्तन संभव नहीं।
आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा ने इसे नागरिकों की “स्वच्छता के प्रति जागरूकता और अपनत्व” का परिणाम बताया।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष दीपक म्हसके, महापौर संजय पाण्डे, निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा, एमआईसी सदस्यगण, पार्षदगण और स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर सहित कई गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति से यह आयोजन प्रेरणादायी बना।
नगर निगम ने पुनः नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता को केवल एक मुहिम नहीं, बल्कि अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और स्वस्थ, स्वच्छ और सुंदर जगदलपुर के निर्माण में योगदान दें।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें




