बस्तर सांसद महेश कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की सौजन्य भेंट, बस्तर दशहरे का दिया आमंत्रण

नई दिल्ली। बस्तर सांसद महेश कश्यप ने बुधवार को अपनी धर्मपत्नी चंपा कश्यप व सुपुत्री क्षमता कश्यप के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने बस्तर की सांस्कृतिक धरोहर और विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरे के लिए प्रधानमंत्री जी को औपचारिक आमंत्रण दिया। प्रधानमंत्री ने इस आमंत्रण को आत्मीयता से स्वीकार करते हुए दशहरे में समय निकालकर शामिल होने का आश्वासन दिया।

- बस्तर विकास पर चर्चा
मुलाकात के दौरान सांसद महेश कश्यप ने प्रधानमंत्री को बस्तर में हो रहे विकास कार्यों के लिए कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने 11 वर्षों में ऐतिहासिक उपलब्धियाँ हासिल की हैं — जम्मू-कश्मीर से धारा 370 और 35ए हटाने से लेकर अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण तक।

सांसद कश्यप ने बताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में बस्तर जैसे आदिवासी बहुल क्षेत्र में शांति और विकास की नई राह खुली है। 2026 तक बस्तर को पूर्णतः नक्सलवाद मुक्त बनाने की ठोस योजना पर कार्य जारी है।
- रेल और सड़क नेटवर्क से जुड़ रहा बस्तर
सांसद ने कहा कि आज़ादी के 78 वर्षों बाद बस्तर को चार नई रेल लाइनों की ऐतिहासिक सौगात मिली है। इसके अलावा चार और छह लेन सड़कों का विस्तार भी तेज़ी से हो रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि इन रेल परियोजनाओं का नाम “जनजाति गौरव कॉरिडोर” रखा जाए और इसका शुभारंभ प्रधानमंत्री के कर-कमलों से हो।

- आत्मीय क्षण
मुलाकात का सबसे भावुक दृश्य तब सामने आया जब सांसद की सुपुत्री ने प्रधानमंत्री को सादर अभिवादन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने स्नेहपूर्वक बच्ची को टॉफ़ी भेंट की। इस आत्मीय पल ने प्रधानमंत्री की सादगी और बच्चों के प्रति उनके स्नेह को उजागर किया।

सांसद महेश कश्यप ने बस्तरवासियों की ओर से प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह मुलाकात बस्तर के लिए अत्यंत ऐतिहासिक व प्रेरणादायी रही।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें





