बस्तर में सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य आगाज़, “फिट युवा – विकसित भारत” के लक्ष्य के साथ खेल प्रतिभाओं को मिलेगा सुनहरा मंच

बस्तर के खिलाड़ी अब बढ़ेंगे राष्ट्रीय- अंतरराष्ट्रीय मंच की ओर, सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ
जगदलपुर। बस्तर की धरती पर खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं को फिटनेस की ओर प्रेरित करने वाला बहुप्रतीक्षित “सांसद खेल महोत्सव – 2025” आज धरमपुरा क्रीड़ा परिसर (इंडोर स्टेडियम) से शुरू हुआ। महोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण से लेकर शहरी अंचलों तक छुपी हुई खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पटल तक पहुँचाना है। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “खेलो इंडिया, फिट इंडिया” अभियान को और गति देगा।

प्रतियोगिताएँ तीन चरणों में आयोजित होंगी। ग्राम पंचायत स्तर पर मुकाबले 21 सितम्बर से 21 अक्टूबर तक होंगे। इसके बाद 22 अक्टूबर से 22 नवम्बर तक विधानसभा स्तर की प्रतियोगिताएँ होंगी और अंतिम लोकसभा स्तरीय मुकाबले 23, 24 और 25 दिसम्बर को खेले जाएँगे। समापन समारोह 25 दिसम्बर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर भव्य रूप से होगा, जहाँ उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
महोत्सव में 12 से 18 वर्ष, 18 से 40 वर्ष और 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के पुरुष व महिला खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। फुटबॉल, वॉलीबॉल, क्रिकेट, एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी और रस्साकशी जैसे लोकप्रिय खेलों के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों के लिए कुर्सी दौड़ और दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रतियोगिताएँ आकर्षण का केंद्र रहेंगी। सभी प्रतिभागियों के लिए ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा उपलब्ध है, जो 29 अगस्त से 20 सितम्बर 2025 तक www.sansadkhelmahotsav.in पर किया जा सकेगा।

सांसद महेश कश्यप ने शुभारंभ अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और सफलता की राह भी खोलते हैं। उन्होंने अपने छात्र जीवन को याद करते हुए बताया कि वे स्वयं कबड्डी खेला करते थे लेकिन अभावों के कारण आगे नहीं बढ़ पाए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सांसद खेल महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने भविष्य को संवारने का यह अवसर हाथ से न जाने दें।

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि रेलवे और कई बड़ी कंपनियाँ खेल प्रतिभाओं को रोजगार में प्राथमिकता देती हैं, जिससे खिलाड़ियों का भविष्य सुरक्षित होता है। बस्तर के खिलाड़ियों को सांसद खेल महोत्सव एक ऐसा मंच देगा, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने का मार्ग प्रशस्त कर सकेंगे।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय, उपाध्यक्ष व पार्षद योगेंद्र पांडे, नगर अध्यक्ष पूर्व मंडल अविनाश श्रीवास्तव, नगर अध्यक्ष पश्चिम मंडल प्रकाश झा, नगर महामंत्री संजय चंद्राकर, युवा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रमन चौहान, नगर मीडिया व सोशल मीडिया प्रभारी ब्रिजेश शर्मा, सांसद मीडिया प्रतिनिधि रोहन कुमार, कमलेश विश्वकर्मा, वीरेंद्र जोशी सहित बड़ी संख्या में खेल शिक्षक, शिक्षिकाएँ, खिलाड़ी और नागरिक मौजूद रहे।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें




