छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभागसोशल

पदयात्रियों की सुरक्षा पहली प्राथमिकता, बस्तर पुलिस ने ट्रक-ऑटो चालकों को दी विशेष हिदायतें

नवरात्र व बस्तर दशहरा से पहले बस्तर पुलिस अलर्ट – ट्रक-ऑटो चालकों को दी सुरक्षा नियमों की जानकारी

मां दंतेश्वरी दर्शन यात्रा पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु बस्तर पुलिस का अभियान, कहा – “सुरक्षित सफर ही सुरक्षित जीवन”

जगदलपुर। आगामी नवरात्र पर्व और बस्तर दशहरा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पदयात्रा कर मां दंतेश्वरी के दर्शन हेतु दंतेवाड़ा पहुंचेंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बस्तर पुलिस ने जिलेभर में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान शुरू किया है।

पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के पर्यवेक्षण में शनिवार को जिलेभर में ट्रक व ऑटो चालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इस कार्यक्रम का आयोजन बस्तर परिवहन संघ सभागार, झाडेश्वर समिति नगर नार और जगदलपुर बस स्टैंड में किया गया।

इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष जैन, यातायात प्रभारी मधुसूदन नाग, ASI राजकुमार आडील और ASI यतेन्द्र देवांगन ने वाहन चालकों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्हें बताया गया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए वाहन हमेशा नियंत्रित गति में चलाएं, ओवर स्पीड और ओवरटेक से बचें, वाहन चलाते समय शराब या किसी नशे का सेवन न करें, थकान या नींद की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रुककर आराम करें तथा सड़कों पर अनावश्यक वाहन खड़ा न करें। इसके अलावा वाहनों की लाइट हमेशा सही हालत में रखना आवश्यक बताया गया।

यातायात विभाग ने विशेष रूप से यह भी निर्देश दिए कि रात्रि के समय पदयात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यथासंभव परिवहन रोक दिया जाए और सुबह के समय ही आवागमन किया जाए। कार्यक्रम में करीब 300 ट्रक चालक और 100 ऑटो चालक शामिल हुए।

पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने अपील की कि पदयात्री सड़क पर हमेशा बाएं किनारे से चलें। श्रद्धालुओं को सड़क पर बैठकर विश्राम करने से बचना चाहिए और केवल सुरक्षित स्थानों अथवा कैंप में ही रुकना चाहिए। यात्रा के दौरान यदि किसी भी प्रकार की समस्या या खतरे की स्थिति उत्पन्न होती है तो पुलिस पेट्रोलिंग वाहन अथवा आपातकालीन नंबर का उपयोग कर तुरंत मदद ली जा सकती है।
बस्तर पुलिस ने कहा है कि सुरक्षित सफर ही सुरक्षित जीवन का मूल आधार है और सभी वाहन चालकों व श्रद्धालुओं से नियमों का पालन करने की अपील की।

📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!

ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉

📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें

दिनेश के.जी. (संपादक)

सिर्फ खबरें लगाना हमारा मक़सद नहीं, कोशिश रहती है कि पाठकों के सरोकार की खबरें न छूटें..
Back to top button
error: Content is protected !!