
जगदलपुर। बस्तर दशहरा के अंतर्गत राजवाड़ा परिसर में लगने वाला मीना बाजार जहां सैकड़ों दुकानों और विभिन्न प्रकार के झुले सहित अन्य मनोरंजन के कारण आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, वहीं आसपास के वार्डवासियों के लिए यह भारी परेशानी का सबब बन गया है।
राजवाड़ा से लगे शिवमंदिर वार्ड, भैरमदेव वार्ड और सुभाष वार्ड के रहवासियों ने बताया कि मीना बाजार में आने वाले लोगों द्वारा की जा रही अव्यवस्थित पार्किंग से गलियों में जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। लोग घर से निकलने में भी कठिनाई महसूस कर रहे हैं। कई बार वाहन उनके घरों के सामने खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे रोजमर्रा की गतिविधियाँ प्रभावित हो रही हैं।
भैरमदेव वार्ड निवासी नरेंद्र पाणिग्राही ने कहा कि इस समस्या को लेकर पहले ही प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मीना बाजार संचालकों और प्रशासन को पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई थी, लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। अब हालात ऐसे हो गए हैं कि वार्डवासियों का घर से निकलना ही दूभर हो गया है।
उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र ही उचित पार्किंग स्थल तय कर व्यवस्था नहीं की जाती है, तो वार्डवासी मजबूरन मीना बाजार का विरोध करने के लिए बाध्य होंगे। पाणिग्राही ने प्रशासन से पार्किंग व्यवस्था सुधारने की मांग की है ताकि वार्डवासियों को घरों के सामने होने वाले अव्यवस्थित पार्किंग से राहत मिले सके।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें





