शरद पूर्णिमा की चाँदनी में काव्य रस बरसा, “कौशल काव्य धारा” की मनमोहक गोष्ठी में झूमे रचनाकार

रायपुर। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर बरसाना एनक्लेव के क्लब हाउस में प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था “कौशल काव्य धारा” की ओर से एक भव्य एवं यादगार काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। संस्था के अध्यक्ष डॉ. जे.के. डागर की अध्यक्षता में हुए इस आयोजन में शहर के वरिष्ठ एवं नवोदित कवियों ने अपनी भावनाओं को सुर और शब्दों में पिरोया।
कार्यक्रम के मंच पर वरिष्ठ साहित्यकार आचार्य अमरनाथ त्यागी मुख्य अतिथि, प्रख्यात शायर के.पी. सक्सेना तथा अंतरराष्ट्रीय कवि संजीव ठाकुर सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। व्यंग्य के सशक्त हस्ताक्षर सुनील पांडे ने कुशल मंच संचालन से कार्यक्रम को जीवंत बनाए रखा।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन और संस्था के उपाध्यक्ष नर्मदा प्रसाद विश्वकर्मा की मधुर शारदे वंदना से हुई। इस अवसर पर डॉ. डागर और आचार्य त्यागी ने शरद पूर्णिमा के वैदिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए काव्य पाठ किया। डागर जी की ग़ज़ल की पंक्तियाँ –
“मिलती नहीं इस पेड़ की छांव हर किसी को,
नसीब होता नहीं इश्क़ का गांव हर किसी को।”
ने श्रोताओं की वाहवाही बटोर गईं।
कवयित्री सुषमा प्रेम पटेल ने अपनी रचना “प्राच्यकवि वाल्मीकि” से वातावरण को भावपूर्ण बना दिया –
रामायण वाल्मीकि का, धार्मिक ग्रंथ महान,
पर्व जयंती शुभ बने, पूजें सब सम्मान।।
भक्ति ज्ञान सह साधना, हर अन्तस में भाम,
प्रिय सीता के संग में, लाए जग में राम।।
’सुषमा’ वंदन कर रही, मुनिवर लेखन काम।
रामायण की पंक्तियाँ, संग सिया के राम।।
कार्यक्रम में डाॅ. आशा पाठक, तेजपाल सोनी, सुषमा पटेल, यशवंत यदु, गोपाल सोलंकी और प्रचण्ड जैसे रचनाकारों ने अपनी प्रभावशाली कविताओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।
गोष्ठी में आदि कवि वाल्मीकि और भगवान अजमीढ जी की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसी अवसर पर संस्था के अध्यक्ष डॉ. जे.के. डागर का जन्मदिन भी हर्षोल्लास से मनाया गया। कवियों ने केक काटकर उन्हें शुभकामनाएँ दीं।
अंत में अध्यक्ष डॉ. डागर ने सभी कवियों और अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया तथा स्वादिष्ट जलपान के साथ यह साहित्यिक संध्या सौहार्द और सृजनशीलता की मधुर स्मृतियाँ छोड़ गई।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें





