मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में शुरू हुई कलेक्टर कॉन्फ्रेंस, सुशासन और जनहित पर मंथन जारी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय में कलेक्टर कॉन्फ्रेंस 2025 की शुरुआत समय से पहले हुई। इस अहम बैठक में मुख्य सचिव, सभी विभागीय सचिव, संभागायुक्त और राज्यभर के कलेक्टर मौजूद हैं।
बैठक की शुरुआत खाद्य विभाग की समीक्षा से हुई, जिसमें मुख्यमंत्री ने आगामी धान खरीदी को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के एक-एक दाने धान की खरीदी के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसान पोर्टल में पंजीयन कार्य समय सीमा में शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए, ताकि किसी भी किसान को किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिन जिलों में पंजीयन की गति धीमी है, वहां की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली गई।
उन्होंने यह भी कहा कि दूरस्थ अंचलों में नेटवर्क समस्या वाले क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाकर किसानों का पंजीयन कराया जाए, ताकि राज्य के प्रत्येक किसान को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
बैठक में सुशासन, पारदर्शिता और जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी गहन मंथन जारी है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता का भरोसा प्रशासन की पारदर्शिता और तत्परता पर टिका है, इसलिए हर स्तर पर जिम्मेदारी के साथ काम करें।
मुख्यमंत्री की यह कलेक्टर कॉन्फ्रेंस प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिसमें विभिन्न विभागों के कामकाज और आगामी योजनाओं की रूपरेखा तय की जा रही है।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें





