
जगदलपुर। विश्व प्रसिद्ध तीरथगढ़ जलप्रपात अब एक नए पर्यटन आकर्षण का केंद्र बन गया है। शनिवार को यहाँ बांबू राफ्टिंग और कॉटेज सह कैंटिन का भव्य शुभारंभ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव तथा चित्रकूट विधायक विनायक गोयल ने फीता काटकर किया।
अब पर्यटक न सिर्फ जलप्रपात की भव्यता का आनंद ले सकेंगे, बल्कि बस्तर की प्रकृति के बीच बांबू राफ्टिंग का रोमांच और रात्रि प्रवास की सुविधा का भी अनुभव कर पाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने कहा कि बस्तर में पर्यटन को नई पहचान देने का हमारा लक्ष्य है। तीरथगढ़ जैसे स्थलों को विकसित कर हम यहां के युवाओं को रोजगार और क्षेत्र को प्रगति से जोड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर को पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
तीरथगढ़ पंचायत के ईको क्लब के युवाओं द्वारा राफ्टिंग का संचालन किया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। वहीं, वन विभाग द्वारा निर्मित कॉटेज और कैंटिन से अब पर्यटक रात में रुककर जलप्रपात की खूबसूरती का आनंद ले सकेंगे।

चित्रकूट विधायक विनायक गोयल ने कहा कि बस्तर में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। कॉटेज और बंबू राफ्टिंग जैसी पहलें यहां आने वाले पर्यटकों को एक नया अनुभव देंगी।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डे, विद्याशरण तिवारी, योगेन्द्र पाण्डेय, जनपद अध्यक्ष मानकदई कश्यप, उपाध्यक्ष हरिप्रसाद कश्यप, मंडल अध्यक्ष देवीप्रसाद बेंजाम, वन विभाग के एसडीओ कमल तिवारी, सीईओ वीरेंद्र बहादुर, एवं क्षेत्र की जनता बड़ी संख्या में उपस्थित रही।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें




