
घायलों की मदद और दुर्घटना रोकथाम में उत्कृष्ट योगदान पर किया गया प्रशस्ति पत्र प्रदान

जगदलपुर। रोड सेफ्टी लीड एजेंसी एवं बस्तर पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में आज पुलिस कोऑर्डिनेशन सेंटर, लालबाग में एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद और दुर्घटना रोकथाम में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कुल 113 सड़क सुरक्षा मितान एवं गुड सेमेरिटन को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के मार्गदर्शन में किया गया। सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभाने वाले 101 सड़क सुरक्षा मितान और 12 गुड सेमेरिटन को बैग, किट सामग्री और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, उप पुलिस यातायात संतोष जैन, यातायात प्रभारी मधुसूदन नाग, डीएसपी रेडियो बी.के. दास, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी डी.सी. बंजारे, डीएसपी भारसिंह मंडावी, चिकित्सक डॉ. वीरेंद्र सिंह ठाकुर, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. सुश्री गिरीशा, सामाजिक कार्यकर्ता योगेश मिश्रा एवं महेंद्र सिंह ठाकुर उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ. सुश्री गिरीशा ने सड़क दुर्घटना के बाद घायलों को प्राथमिक उपचार देने की प्रक्रिया पर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से CPR, अत्यधिक रक्तस्राव नियंत्रण, घायल अंगों की सुरक्षा और एंबुलेंस आने तक घायल की जीवन रक्षा कैसे की जाए, इसका डेमो प्रस्तुत किया। यह जानकारी सड़क सुरक्षा मितान एवं उपस्थित जनसमूह के लिए अत्यंत उपयोगी रही।
सम्मान समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने कहा कि सड़क सुरक्षा मितान और गुड सेमेरिटन लगातार समाज में जागरूकता फैलाने और घायलों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने आग्रह किया कि हर गांव और कस्बे में अधिक से अधिक संख्या में सड़क सुरक्षा मितान का गठन किया जाए ताकि दुर्घटनाओं की स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके। उन्होंने कहा, “लोगों की जान बचाना सबसे बड़ा मानव सेवा कार्य है।”
एसपी बस्तर ने आम जनता से अपील की कि वाहन चलाते समय हमेशा ट्रैफिक नियमों का पालन करें, दोपहिया चलाते समय हेलमेट का उपयोग अवश्य करें, ओवरस्पीडिंग और ओवरटेकिंग से बचें तथा नशे की हालत में वाहन न चलाएं। उन्होंने गुड सेमेरिटन लॉ की जानकारी देते हुए कहा कि यह कानून सड़क दुर्घटनाओं में घायल की मदद करने वालों को कानूनी सुरक्षा प्रदान करता है। इसलिए बिना किसी भय के घायल व्यक्ति की मदद अवश्य करें।
कार्यक्रम में उपस्थित सड़क सुरक्षा मितान, गुड सेमेरिटन, यातायात व परिवहन विभाग के कर्मचारी एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए सड़क सुरक्षा जागरूकता को और प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें





