
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण सिंह देव ने दिलाई राहत, साढ़े 5 मीटर चौड़ी हुई सड़क

जगदलपुर। शहर के धरमपुरा क्षेत्र में पल्ली नाका से नवोदय विद्यालय तक जाने वाली सड़क अब पूरी तरह नई और चौड़ी हो चुकी है, जिससे जगदलपुर के हजारों यात्रियों, ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत मिलने जा रही है। लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबे इस मार्ग के विस्तारीकरण एवं मजबूतीकरण का कार्य अब अंतिम चरण में है। इस सड़क के निर्माण पर करीब 2 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं।
पहले मात्र 3.75 मीटर चौड़ी यह सड़क बरसों से जाम, दुर्घटनाओं और धूल-कीचड़ की समस्या का कारण बनी हुई थी। धरमपुरा के बढ़ते यातायात दबाव और नागरिकों की लंबी मांग को देखते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं चित्रकोट विधायक श्री किरण सिंह देव ने इस मार्ग के चौड़ीकरण के लिए विशेष प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप सड़क को अब साढ़े 5 मीटर तक विस्तार दिया गया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री देव ने कहा कि यह मार्ग शैक्षणिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी रास्ते से पीजी कॉलेज, कन्या पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग कॉलेज, नवोदय विद्यालय और कई अन्य शैक्षणिक संस्थानों में रोजाना हजारों विद्यार्थी आवागमन करते हैं। सड़क के संकरे होने के कारण छात्रों को प्रतिदिन जाम व दुर्घटनाओं के जोखिम का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब चौड़ी और मजबूत सड़क से यात्रा सुरक्षित, आसान और बेफ़िक्र होगी।
स्थानीय नागरिकों ने भी सड़क निर्माण पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अब यात्रा समय कम होगा, बारिश में कीचड़ और गड्ढों की समस्या से राहत मिलेगी, साथ ही धूल की समस्या भी काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार सड़क का अंतिम लेयर और किनारे की सफाई का काम पूरा होते ही मार्ग को पूर्ण रूप से यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
नई सड़क धरमपुरा क्षेत्र के विकास और आवागमन को नई दिशा देने जा रही है।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें





