प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना ने दिखाई उम्मीद की किरण, मौत के बाद नॉमिनी को मिली दो लाख रु. की राशि

बीजापुर। गरीब परिवारों की सुरक्षा के लिए चलाई जा रही प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एक बार फिर भरोसेमंद साबित हुई है। ग्राम पंचायत जंगला के जय चिकट राज स्व सहायता समूह की सदस्य श्रीमति जयदई नाग के निधन के बाद उनके पति मोहन नाग को 2 लाख रुपये की बीमा राशि प्रदान की गई। यह दावा राशि छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक, माटवाड़ा शाखा द्वारा स्वीकृत की गई।
एनआरएलएम अन्तर्गत पीआरपी कुमारी जमुना प्रधान ने समय रहते आवश्यक दस्तावेज—मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पासबुक व प्रीमियम कटौती प्रमाण—एकत्र कर बैंक में जमा करने में मदद की। इस सहयोग ने दावा प्रक्रिया को सुगम और तेज बना दिया।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत भैरमगढ़ अभिषेक तांबोली एवं विकासखंड परियोजना प्रबंधक रोहित सोरी ने नॉमिनी मोहन नाग को बीमा राशि का चेक सौंपा। कार्यक्रम के दौरान सीईओ श्री ताबोली ने बताया कि जनपद में स्व सहायता समूहों की कुल 3571 सदस्यों का बीमा कराया गया है, जिससे कठिन समय में महिलाओं और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा की ढाल मिल रही है।
परियोजना प्रबंधक रोहित सोरी ने योजना की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधान मंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का वार्षिक प्रीमियम केवल 436 रुपये है, जबकि प्रधान मंत्री सुरक्षा बीमा योजना का प्रीमियम मात्र 20 रुपये सालाना है। इन योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को 2 लाख रुपये तक का बीमा लाभ प्रदान किया जाता है। उन्होंने इसे “अंदरूनी क्षेत्रों के गरीब परिवारों के लिए बेहद लाभकारी योजना” बताया।
बीमा राशि प्राप्त करने के बाद मृतका के पति मोहन नाग भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि प्रधान मंत्री जीवन ज्योति योजना से हम जैसे गरीब परिवार को 2 लाख रुपये का बड़ा सहारा मिला है। इस पैसे से मैं अपने घर को पत्नी की याद में अच्छे से बनाऊंगा। केन्द्र सरकार को बहुत-बहुत धन्यवाद।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि कम प्रीमियम वाली सरकारी बीमा योजनाएँ कठिन परिस्थितियों में परिवारों को मजबूत आर्थिक संबल प्रदान करती हैं।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें




