
शहर में ट्रैफिक सुधार अभियान तेज, व्यवस्था सुधारने मैदान में उतरी यातायात पुलिस, व्यापारियों व चालकों को दी समझाइश
शहर के ट्रैफिक को सुचारू रखना सभी की जिम्मेदारी – ट्रैफिक डीएसपी संतोष जैन
बेतरतीब वाहन पार्किंग पर होगी कड़ी कार्रवाई – यातायात प्रभारी मधुसूदन नाग

जगदलपुर। शहर के सबसे व्यस्त संजय मार्केट क्षेत्र में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और अव्यवस्थित पार्किंग को लेकर आज यातायात पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया। पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष जैन के नेतृत्व में यातायात प्रभारी मधुसूदन नाग एवं टीम मौके पर पहुंची और बेतरतीब खड़े वाहनों को हटवाते हुए चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थल में ही वाहन खड़ा करने की कड़ी समझाइश दी।

सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों और फुटपाथ पर फैले सामान के कारण लगातार जाम की स्थिति बनने पर डीएसपी संतोष जैन एवं यातायात प्रभारी मधुसूदन नाग ने व्यापारियों को भी अपने सामान को व्यवस्थित रखने की हिदायत दी। डीएसपी जैन ने कहा कि शहर के ट्रैफिक को सुचारू रखना सभी की जिम्मेदारी है। व्यापारियों और राहगीरों के सहयोग से ही व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सकती है।

यातायात प्रभारी मधुसूदन नाग ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि बेतरतीब वाहन पार्किंग पर लगातार कार्रवाई जारी है, व्यवस्था बनाए रखें एवं किसी भी तरह की कार्रवाई से बचें।

मौके पर यातायात पुलिस टीम ने पूरे क्षेत्र में पैदल मार्च कर व्यवस्था दुरुस्त की और लोगों से नियमों का पालन करने की अपील की। यात्रियों और बाजार आने वाले लोगों ने यातायात पुलिस की इस सक्रियता की सराहना की।
📢 हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें!
ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और विश्वसनीय अपडेट्स सीधे WhatsApp पर पाएं। अभी फॉलो करें 👉
📲 WhatsApp चैनल फॉलो करें





